Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल प्रदेश में ठंड से राहत, मैदानी इलाकों में बढ़ा तापमान, 21 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहेगा

हिमाचल प्रदेश में एक सप्ताह तक धूप खिली रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के सभी भागों में 21 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहेगा। अगले 3-4 दिनों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने के आसार हैं। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार मैदानी इलाकों में धूप से तापमान गर्म बना हुआ है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय ठंडक बनी हुई है।

आने वाले एक सप्ताह तक हिमाचल का मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है, जिससे दिन और रात के तापमान में उछाल दर्ज किया जाएगा। बीते आठ दिनों में पहली बार न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुंचा है। इससे पहले 6 अक्तूबर से प्रदेश के कई शहरों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ था। कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 18 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था, लेकिन अब यह सामान्य या उससे अधिक हो गया है।

फिलहाल प्रदेश में औसत तापमान सामान्य से अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 21 अक्तूबर तक पूरे हिमाचल में मौसम साफ रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड बढ़ेगी, जबकि मैदानी जिलों में सुबह और शाम के समय हल्का कोहरा छा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 21 अक्तूबर तक कोई पश्चिमी विक्षोभ सङ्मिीय नहीं होगा, जिससे दिन के तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। प्रदेश में मौसम खुलने से न्यूनतम तापमान में भी सुधार आया है।

शिमला में न्यूनतम तापमान 11.4, सुंदरनगर 15.5, भुंतर 11.6, कल्पा 5.5, धर्मशाला 11.4, ऊना 13.8, नाहन 16.3, केलांग 1.3, पालमपुर 11.0, सोलन 14.0, मनाली 7.9, कांगड़ा 14.7, मंडी 16.9, बिलासपुर 17.9, हमीरपुर 15.7, कुफरी 11.3, कुकुमसेरी 1.7, नारकंडा 9.2, भरमौर 10.1, रिकांगपिओ 8.9, सेऊबाग 9.7, बरठीं 17.3, पांवटा साहिब 20.0, सराहन 12.1, ताबो 3.7 व बजौरा में 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Exit mobile version