Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए 4 से 6 नवंबर तक होंगे ऑडिशन, उभरते कलाकारों को मिलेगा मंच

November 1, 2026

अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए 4 से 6 नवंबर तक होंगे ऑडिशन, उभरते कलाकारों को मिलेगा मंच

शिमला: अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने के इच्छुक कलाकारों के चयन के लिए 4 से 6 नवंबर 2026 तक ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। यह ऑडिशन राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर के सभागार में प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक होंगे।

अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने ऑडिशन के आयोजन को लेकर कमेटी की अधिसूचना जारी कर दी है। जिला भाषा अधिकारी शिमला सरोजना नरवाल की अध्यक्षता में गठित पांच सदस्यीय कमेटी कलाकारों का ऑडिशन लेकर चयन प्रक्रिया पूरी करेगी।

उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला 11 से 14 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ऑडिशन के माध्यम से कलाकारों का चयन किया जाएगा। यह ऑडिशन विशेष रूप से उन इच्छुक कलाकारों के लिए होंगे, जिनका अभी तक अपना कोई गाना या म्यूजिक एल्बम रिलीज नहीं हुआ है, लेकिन वह गायन और नृत्य में प्रतिभा रखते हैं।

ऑडिशन में प्रतिभागियों को उसी गाने की प्रस्तुति देनी होगी, जिसे वे मेले की सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुत करना चाहते हैं। चयनित कलाकारों को सांस्कृतिक संध्या के दौरान भी ऑडिशन में प्रस्तुत किए गए उसी गाने और प्रस्तुति के अनुरूप कार्यक्रम देना होगा। यदि चयन के बाद कलाकार अलग गाने या प्रस्तुति के साथ मंच पर आते हैं तो उन्हें प्रस्तुति देने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सोलो डांस के लिए 2 से 5 मिनट और ग्रुप डांस के लिए 5 से 8 मिनट की प्रस्तुति की समय सीमा रहेगी।

गायन के ऑडिशन के लिए साउंड सिस्टम एवं आर्केस्ट्रा की व्यवस्था रहेगी। प्रतिभागियों को लाइव आर्केस्ट्रा के साथ अपनी प्रस्तुति देनी होगी। वहीं, सोलो डांस और ग्रुप डांस के प्रतिभागियों को अपने गानों की उच्च गुणवत्ता वाली रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव या मोबाइल फोन में साथ लानी होगी। ऑडिशन में भाग लेने से पहले प्रत्येक प्रतिभागी को निर्धारित परफॉर्मा भरना होगा, जिसमें नाम, पता, मोबाइल नंबर और पूर्व में प्राप्त अनुभव सहित अन्य आवश्यक जानकारी देनी होगी।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि ऑडिशन का उद्देश्य ऐसे स्थानीय एवं उभरते कलाकारों को मंच उपलब्ध करवाना है, जिनका अभी तक अपना कोई गाना या एल्बम नहीं आया है, लेकिन उनमें प्रतिभा और कला के प्रति रुचि है। इसके अतिरिक्त प्रदेश के नामी कलाकारों तथा जिन कलाकारों के अपने गाने और वीडियो एल्बम रिलीज हो चुके हैं, उनका चयन प्राप्त आवेदन पत्रों के आधार पर मेला कमेटी द्वारा किया जाएगा।

ऐसे कलाकार अपने आवेदन 5 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक ईमेल आईडी **[email protected]** पर भेज सकते हैं। आवेदन के साथ अपने वीडियो एल्बम, गानों और प्रस्तुतियों के लिंक साझा करना भी अनिवार्य होगा।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें