शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य की वित्तीय स्थिति पर व्हाइट पेपर तैयार करने के लिए कैबिनेट सब-कमेटी का पुनर्गठन किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की ओर से 17 नवंबर 2026 को अधिसूचना जारी की गई है। राज्यपाल की ओर से जारी इस अधिसूचना के तहत उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को कैबिनेट सब-कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, यह कमेटी प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर व्हाइट पेपर तैयार करने का काम करेगी। कमेटी में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और नगर एवं ग्राम नियोजन (TCP) मंत्री राजेश धर्माणी को सदस्य बनाया गया है।

वहीं, प्रदेश सरकार के वित्त विभाग के सचिव को कमेटी का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि इस अधिसूचना के माध्यम से सामान्य प्रशासन विभाग की 12 मई 2023 को जारी पूर्व अधिसूचना के स्थान पर नई अधिसूचना जारी की गई है। सरकार ने कमेटी का पुनर्गठन करते हुए इसमें मंत्रियों की नई सूची अधिसूचित की है।
कैबिनेट सब-कमेटी का मुख्य दायित्व प्रदेश की आर्थिक एवं वित्तीय स्थिति का आकलन कर उस पर व्हाइट पेपर तैयार करना होगा। इसके माध्यम से राज्य की वित्तीय स्थिति से जुड़े विभिन्न पहलुओं को सामने लाया जाएगा। अधिसूचना के अनुसार, कमेटी के पुनर्गठन की जानकारी संबंधित मंत्रियों, वित्त विभाग और मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के कार्यालयों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।
📍 Location: शिमला (शिमला)