Site icon Dainik Savera Times

शिमला: बस में सवार युवक से 10 ग्राम चिट्टा बरामद, किन्नौर निवासी गिरफ्तार

शिमला: शिमला में नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत शिमला पुलिस के स्पेशल सेल की टीम ने एक बस में सवार युवक से करीब 10 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को स्पेशल सेल शिमला की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान रात के समय पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि किन्नौर निवासी 31 वर्षीय रोहित पुत्र लाल चंद एक बस में चिट्टा/हेरोइन की खेप लेकर शिमला की ओर आ रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर बसों की जांच शुरू की। कुछ समय बाद सोलन की ओर से एक बस शिमला की तरफ आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने बस को रोककर उसकी तलाशी ली। चेकिंग के दौरान सीट पर बैठे रोहित के कब्जे से एक पिट्ठू बैग बरामद हुआ। बैग की तलाशी लेने पर उसमें एक पारदर्शी प्लास्टिक पाउच मिला, जिसमें हल्के भूरे रंग के पदार्थ की दो डलियां थीं।

पुलिस ने बरामद पदार्थ की जांच की तो उसके चिट्टा/हेरोइन होने की पुष्टि हुई। इसका कुल वजन करीब 10 ग्राम पाया गया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पश्चिमी शिमला में अभियोग संख्या 191/2026 के तहत NDPS Act की धारा 21 में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीले पदार्थ की यह खेप कहां से लेकर आया था और इसे शिमला में किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में आगे की जांच जारी है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version