100 seats to be added in Tanda : शिमला। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में चिकित्सकों की 100 सीटें बढ़ेंगी। ये बात मुख्यमंत्री ने कही। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां में आयोजित बाल मेले में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
सरकारी स्कूलों पर बढ़ा भरोसा
उन्होंने कहा कि इस वर्ष लगभग 24 हजार विद्यार्थियों ने निजी स्कूल छोड़कर 150 सीबीएसई पाठ्यक्रम के सरकारी स्कूलों में प्रवेश लिया है, जो सरकारी शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आगामी दो से चार वर्षों में सरकारी स्कूलों का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और अधिक से अधिक अभिभावक इन विद्यालयों में ही अपने बच्चों को प्रवेश दिलवायेंगे क्योंकि सरकार इन्हें आधुनिक सुविधाओं और उत्कृष्ट शिक्षण व्यवस्था से सुसज्जित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने नगरोटा बगवां में 8.56 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मॉडल पुलिस स्टेशन एवं पुलिस आवास, 9.62 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ओल्ड ऐज होम तथा 8.65 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ऑडिटोरियम की आधारशिला भी रखी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रदेश सरकार चिकित्सा महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर (पीजी) सीटों की संख्या बढ़ा रही है। प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में 330 नई पीजी सीटें बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस निर्णय के डॉ. राजेन्द्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में ही 100 पीजी सीटों की बढ़ोत्तरी होगी।
सरकार के इस कदम से प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों और अस्पतालों में वर्षों से लंबित आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की कमी को दूर किया जा रहा है। टांडा चिकित्सा महाविद्यालय सहित अन्य संस्थानों में अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की जा रही हैं ताकि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए लोगों को प्रदेश से बाहर या निजी अस्पतालों का रुख न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं।

