Site icon Dainik Savera Times

कुल्लू में मनाया गया 11वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस, करीब 5100 लोग हुए लाभान्वित

कुल्लू। आयुष विभाग जिला कुल्लू द्वारा बुधवार को 11वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस मनाया गया। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस का विषय “आयुर्वेद फॉर ए हेल्दीयर टुमारो” रहा। इस अवसर पर जिले में आयुर्वेद को अपनाने के लिए विभिन्न जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं।

जिला कुल्लू में आयुष विभाग के अंतर्गत 2 आयुर्वेदिक अस्पताल, 42 आयुष्मान आरोग्य मंदिर, एक होम्योपैथिक संस्थान तथा 29 आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र कार्यरत हैं। इन संस्थानों में पोषण संबंधी जागरूकता अभियान, नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, योगाभ्यास, औषधीय पौधों की जानकारी, दृष्टिबाधित बच्चों के लिए जागरूकता शिविर तथा बच्चों एवं अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरण जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।

जिला मुख्यालय स्थित जिला आयुर्वेदिक अस्पताल कुल्लू में राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विशेष रूप से गठिया एवं मांसपेशियों तथा हड्डियों से संबंधित रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच की गई। प्रभारी जिला आयुर्वेदिक अस्पताल कुल्लू डॉ. मनु बाला गौतम ने अस्पताल में चल रही विभिन्न गतिविधियों, विशेषकर पंचकर्म एवं जलौका उपचार संबंधी जानकारी दी।

कार्यक्रम में जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत ठाकुर मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने औषधीय पौधे का रोपण किया तथा आयुर्वेद दिवस की शुभकामनाएं दीं।

आयुष विभाग के अनुसार, जिला कुल्लू में आयोजित विभिन्न गतिविधियों से लगभग 5100 लोग लाभान्वित हुए। इस दौरान मांसपेशियों एवं हड्डियों से संबंधित रोगों तथा गठिया के मरीजों की जांच, पंचकर्म एवं अन्य आयुर्वेदिक गतिविधियों की जानकारी देने के साथ-साथ औषधीय पौधों का रोपण भी किया गया।

इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. तनाशा ठाकुर ने जिले में चल रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए लोगों से आयुर्वेद को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण बीमारियां बढ़ रही हैं। ऐसे में संतुलित आहार, योग, व्यायाम और प्रकृति के अनुरूप जीवन जीने जैसे आयुर्वेद के सिद्धांतों को अपनाकर स्वयं स्वस्थ रहने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी स्वस्थ भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।

📍 Location: Kullu (Kullu)

Exit mobile version