शिमला: शिमला जिला के चौपाल क्षेत्र में 12वीं कक्षा के छात्र की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई है। छात्र ने शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान चौपाल के झलास गांव निवासी कृष (18) पुत्र योगेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। मृतक के पिता ने पुलिस को बयान में बताया कि उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा कृष 12वीं कक्षा में पढ़ता था, जबकि छोटा बेटा आठवीं कक्षा में पढ़ता है।
मां अपने छोटे बेटे को साथ लेकर पैतृक गांव चली गई थी। बीते 29 फरवरी को वापस शिमला आई तो कृष ने अपनी मां को बताया कि उसके पेट में दर्द हो रहा है और उल्टी आ रही है। बीते दो मार्च को कृष की तबीयत ज्यादा खराब हो गई जिसे उपचार के लिए आईजीएमसी ले जाया गया और उसे गंभीर हालत में देखते हुए पीजीआई रैफर किया गया है। पीजीआई से इसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जिससे उसे आराम हो गया था। बीते 7 मार्च को कृष की छाती में दोबारा तकलीफ हुई, जिसके बाद उपचार के लिए उसे आईजीएमसी ले जाया गया और 10 मार्च को आईजीएमसी में कृष की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान कृष ने पिता को बताया था कि 29 फरवरी को उसने गलती से जहरीला पदार्थ पी लिया था, लेकिन उस पर किसी ने ऐसा करने के लिए दबाव नहीं डाला था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर इसे मृतक के पिता के हवाले कर दिया। योगेंद्र ने किसी पर भी शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस इस मामले की सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक छात्र ने जहरीला पदार्थ गलती से निगल लिया था ।

