160 Students from Bhatiyat Witness Himachal Assembly Proceedings : शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा की संसदीय कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक व्यवस्था को करीब से समझने के उद्देश्य से शुक्रवार को भटियात विधानसभा क्षेत्र के 160 विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यवाही देखी।
इस दौरान विद्यार्थियों ने सदन में विधायी कार्यवाही, प्रश्नों के माध्यम से जनहित के मुद्दे उठाने और सरकार की ओर से दिए जाने वाले जवाब की प्रक्रिया को समझा। विधानसभा की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखकर विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए। भटियात विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोला, टुण्डी, मोरथू और दुलारा के ये विद्यार्थी अपने शिक्षकों के साथ विधानसभा पहुंचे थे। विद्यार्थियों को संसदीय प्रणाली की जानकारी देने के उद्देश्य से यह शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया। इस दौरान सभी विद्यार्थियों को सदन की कार्यवाही देखने का अवसर मिला।
विद्यार्थियों ने अपने क्षेत्र के विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को स्पीकर के आसन पर बैठकर सदन का संचालन करते हुए देखा। अपने नेता को विधानसभा अध्यक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका निभाते देख बच्चों ने खुशी जाहिर की। सदन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद सभी विद्यार्थियों ने स्पीकर गेट पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की। इस दौरान बच्चों ने उन्हें सदन में देखी गई कार्यवाही का वृतांत सुनाया। विधानसभा अध्यक्ष ने भी विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उन्हें संसदीय लोकतंत्र, चुनाव प्रक्रिया और सरकार के गठन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। पठानिया ने कहा कि विधानमंडल और लोकसभा लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर हैं।
देश की संसदीय प्रणाली संघीय ढांचे पर आधारित है, जिसमें केंद्र और राज्य दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि भारत में बहुदलीय लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रचलित है। विभिन्न राजनीतिक दल चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारते हैं और जनता मतदान के माध्यम से अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करती है। चुने हुए जनप्रतिनिधि विधानसभा में अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि विधानसभा के सत्रों के दौरान विधायक प्रश्नों और विभिन्न संसदीय नियमों के माध्यम से सरकार के समक्ष जनसमस्याएं रखते हैं। सरकार इन सवालों का जवाब देती है।
कई बार विधायक सरकार के जवाब से संतुष्ट होते हैं, जबकि कई बार वे जवाब से असहमति भी जताते हैं। यही संसदीय लोकतंत्र की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की भूमिका अहम होती है। 68 विधायकों से बनती है हिमाचल विधानसभा विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को हिमाचल प्रदेश की विधानसभा की संरचना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश विधानसभा में कुल 68 सीटों का प्रावधान है। जिस राजनीतिक दल को 35 या इससे अधिक सीटें प्राप्त होती हैं, वह बहुमत के आधार पर सरकार का गठन करता है।
सरकार के गठन के बाद मंत्रिमंडल बनाया जाता है, जिसमें मुख्यमंत्री और अन्य मंत्री शामिल होते हैं। मुख्यमंत्री सरकार का मुखिया होता है। उन्होंने राज्यपाल और मंत्रिपरिषद की भूमिका के बारे में भी विद्यार्थियों को विस्तार से समझाया। कैसे चुना जाता है विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों को विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव विधानसभा के सदस्य करते हैं। इस प्रक्रिया की शुरुआत सदन के सबसे वरिष्ठ सदस्य को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त करने के साथ होती है। इसके बाद अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवारों का नामांकन किया जाता है।
यदि एक ही उम्मीदवार मैदान में हो तो उसे निर्विरोध चुन लिया जाता है, जबकि एक से अधिक उम्मीदवार होने की स्थिति में मतदान करवाया जाता है और सबसे अधिक मत प्राप्त करने वाला उम्मीदवार विधानसभा अध्यक्ष निर्वाचित होता है। संवाद के अंत में विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय परंपराओं और अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए।