Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

बडियारा पुल हत्याकांड: 2 नेपाली युवक कुल्लू के कसोल से गिरफ्तार

February 24, 2026

बडियारा पुल हत्याकांड: 2 नेपाली युवक कुल्लू के कसोल से गिरफ्तार

रोहड़ू/चिड़गांव : पुलिस थाना चिड़गांव के तहत बडियारा पुल के समीप पब्बर नदी (किलोचा नाला) में मिले अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। हत्या के आरोप में दो नेपाली मूल के युवकों को जिला कुल्लू के कसोल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार 18 फरवरी को 112 हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना मिली थी कि बडियारा पुल के पास नदी में एक व्यक्ति का शव पड़ा है, जिसके हाथ-पांव कपड़े से बंधे थे और शरीर से काफी मात्रा में रक्त बहा हुआ था।

सूचना मिलते ही पुलिस थाना चिड़गांव की टीम तथा डीएसपी रोहड़ू मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान राकेश प्रताप उर्फ सेती राम कामी (36) निवासी डाकाडाम/2 नेपाल के रूप में हुई, जो बडियारा निवासी व्यक्ति के बगीचे में मजदूरी करता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम एसएफएसएल जुन्गा और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया।

पुलिस ने घटनास्थल से भौतिक एवं डिजिटल साक्ष्य कब्जे में लिए। हत्या में इस्तेमाल किए गए पत्थर और खंजर भी बरामद किए गए। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों के फोटो मीडिया के माध्यम से प्रसारित किए गए। जांच के दौरान सामने आया कि घटना वाले दिन मृतक को दो अज्ञात नेपाली युवकों के साथ देखा गया था। गहन पूछताछ, डिजिटल साक्ष्यों के विेषण और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने पाया कि 17 फरवरी को दोनों आरोपी मृतक के कमरे में पहुंचे, जहां दिन में शराब का सेवन किया गया।

शाम करीब 7 बजे वे मृतक को और शराब पीने के बहाने पब्बर नदी किनारे किलोचा नाला ले गए। वहां मामूली कहासुनी के बाद दोनों ने तेजधार हथियार और पत्थरों से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। आरोपियों ने मृतक का चेहरा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और पहचान छिपाने के लिए मोबाइल फोन गायब कर दिया। वारदात के बाद दोनों फरार हो गए और अपने मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर दिए।

डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस को आरोपियों की लोकेशन जिला कुल्लू के कसोल व मणीकर्ण क्षेत्र में मिली। थाना चिड़गांव की जांगला चौकी में प्रवासी मजदूर पंजीकरण रजिस्टर की जांच के दौरान उनकी पहचान ललित राणा उर्फ लक्ष्मण राणा (20) पुत्र नैन बहादुर, निवासी भुरपावरी जिला जजरकोट नेपाल तथा साहबीर लुवर (21) पुत्र विसे लुवर, निवासी भुरपावरी जिला जजरकोट नेपाल के रूप में हुई। दोनों कुछ दिन पहले गांव देवीधार में मजदूरी करने आए थे और घटना वाले दिन से लापता थे।

22 और 23 फरवरी की मध्यरात्रि पुलिस टीम ने कसोल (जिला कुल्लू) में दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया और उन्हें थाना चिड़गांव लाया गया। उनके कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच हर पहलू से जारी है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि प्रवासी मजदूरों और किरायेदारों को काम पर रखने या मकान किराये पर देने से पहले नजदीकी थाना या चौकी में उनका पंजीकरण अवश्य करवाएं, ताकि भविष्य में अपराध की स्थिति में त्वरित पहचान और रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें