Site icon Dainik Savera Times

विधानसभा की कार्यवाही देखने पहुंचे 220 छात्र, स्पीकर पठानिया बोले- युवाओं का लोकतंत्र में अटूट विश्वास

शिमलाः कौंसिल चैम्बर में विधानसभा की कार्यवाही देखने आए राजकी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौपाल, सरस्वती पैराडाइज स्कूल संजौली राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लाल पानी तथा हिप्र विश्वविद्यालय रक्षा एवं सामरिक अध्ययन विभाग के लगभग 220 छात्र- छात्राओं से अलग अलग संवाद के दौरान विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हमारा देश विश्व का सबसे बड़ा लोकतन्त्र है। आज भारत की आबादी एक अरब 40 करोड़ है। आज सबसे ज्यादा युवा हमारे देश में हैं इसलिए भारत को युवाओं का देश भी कहा जाता है।

पठानिया ने कहा कि लोक सभा व विधान सभा लोकतन्त्र के सबसे बड़े मन्दिर हैं जहाँ देश के विभिन्न भागों से निर्धारित निर्वाचन क्षेत्रों से लोक सभा तथा विधान सभा में चुनकर आते हैं तथा ये चुने हुए सदस्य लोक सभा व विधान सभा का गठन करते हैं। पठानिया ने कहा कि कानून बनाने का अधिकार केवल चुने हुए प्रतिनिधियों के पास है अर्थात लोक सभा तथा विधान सभा ही कानून बना सकती है।

पठानिया ने कहा कि हमारी संसदीय प्रणाली संघीय ढाँचे पर आधारित है जिसमें राज्य तथा संघ शामिल हैं। इस अवसर पर छात्रों ने विधान सभा अध्यक्ष से कई प्रश्न भी पूछे जिसका उन्होने सिलसिलेवार जवाब दिया। इस अवसर पर संवाद करते हुए पठानिया ने कहा कि जिस तरह छात्र- छात्राएँ तथा युवा सदन की कार्यवाही देखने के लिए आकर्षित हो रहे हैं तथा हर रोज 200 के करीब विद्यार्थी यहाँ सदन की कार्यवाही देखने आ रहे हैं यह लोकतान्त्रिक प्रणाली की मजबूती का सबब है तथा युवाओं का इस प्रणाली में अटूट विश्वास है।

पठानिया ने कहा जिस तरह बाल सत्र में बच्चों ने अपना अभिनय एक मुख्यमंत्री, स्पीकर, डिप्टी स्पीकर तथा मन्त्रीपरिषद के सदस्य के रूप में किया वह अविस्मरणीय तथा आश्चर्यचकित करने वाला था क्योंकि जिन ज्वलंत विषयों को उन्होने उठाया और उस पर चर्चा उपरान्त समाधान खोजने का प्रयास किया वह अनुकरणीय एवं सराहनीय था। बाल सत्र आयोजन के पीछे कारण था कि सभी इस प्रणाली को जाने, समझें तथा इससे रूबरू हों ताकि इस प्रणाली के महत्व को हर जन तक पहुँचा सकें। विधान सभा अध्यक्ष ने सभी को सदन की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित किया तथा सभी को अपनी ओर से अनंत शुभकामनाएँ दी।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version