Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

सिरमौर में पहाड़ दरकने से मलबे के नीचे दबे 3 लोग, 2 गाड़ियां क्षतिग्रस्त

August 19, 2026

सिरमौर में पहाड़ दरकने से मलबे के नीचे दबे 3 लोग, 2 गाड़ियां क्षतिग्रस्त

नाहन: जिला सिरमौर के कफोटा के समीप तिलोरधार (बांगनधार) में मंगलवार को भारी बारिश के बीच माइनिंग कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जहां अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा खिसक गया। इस भारी भूस्खलन की चपेट में आने से 3 लोग दब गए। जिनकी पहचान स्थानीय चालक निवासी बड़वास अनिल कुमार और नेपाली मजदूर गजेंद्र सिंह व धन सिंह के रूप में हुई है। इसके अलावा हादसे में 2 गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं और दबे लोगों की तलाश शुरू की गई।

जानकारी के अनुसार तिलोरधार में माइनिंग कार्य चल रहा था। इसी दौरान पत्थरों से भरी एक गाड़ी माइनिंग स्थल से बाहर निकल रही थी। तभी अचानक ऊपर से भारी मलबा और विशालकाय चट्टानें खिसककर नीचे आ गिरीं। देखते ही देखते पूरा हिस्सा मलबे की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि गाड़ी के चालक समेत 3 लोग इसी मलबे के नीचे दब गए हैं। हादसे के बाद मौके पर बड़े-बड़े पत्थर और भारी मलबा जमा हो गया है।

रेस्क्यू टीमों को चट्टानों और मलबे को हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। घटनास्थल पर स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। भारी बारिश के कारण पहाड़ी से दोबारा मलबा गिरने का खतरा भी बना हुआ है। बारिश तेज होने के कारण फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है। मौसम और परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद दोबारा बचाव अभियान शुरू किया जाएगा। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई।

एसडीएम शिलाई जसपाल भी मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। एसडीएम जसपाल ने बताया कि वह घटनास्थल पर मौजूद हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भारी भूस्खलन के बीच 3 लोगों के दबने की आशंका है। भारी बारिश के कारण फिलहाल रेस्क्यू कार्य रोकना पड़ा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें