Site icon Dainik Savera Times

आसमानी बिजली की चपेट में आने से 3 भेड़ पालकों की मौत

आनी : उपमंडल में आसमानी बिजली गिरने से तीन भेड़ पालकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पवन देव निवासी ठारवा, डीणु राम निवासी जुआगी और बजारू राम निवासी बसवारी के रूप में हुई है। शुक्रवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, ये तीनों भेड़ पालक अपने मवेशियों को लेकर जंगल क्षेत्र में गए थे, जहां अचानक तेज बरसात और बादलों की गर्जना के बीच बिजली गिरी और ये उसकी चपेट में आ गए। मौके पर ही तीनों की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किए। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 25-25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की है। जिला परिषद सदस्य पूर्ण ठाकुर ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और स्थायी राहत प्रदान करने की मांग की है।

ये भी पढ़े- मिडिल ईस्ट की स्थिति के बीच इंडिगो ने बदला उड़ानों का शेड्यूल, 28 मार्च तक कुछ सेवाएं स्थगित

 

Exit mobile version