Site icon Dainik Savera Times

जुब्बल में 33 वर्षीय युवक की हत्या, NH किनारे खून से लथपथ मिला शव, पुलिस ने दर्ज किया मामला

शिमला। शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र में हत्या की संगीन वारदात सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे 33 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर, मुंह और गर्दन के आसपास चोटों के निशान थे तथा काफी खून बहा हुआ था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।

एसपी गौरव सिंह के अनुसार, पुलिस को 18 अक्टूबर की रात करीब 9:50 बजे जुब्बल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना देने वाले साहिल भीमटा ने बताया कि वह मंडोल गांव के रहने वाले अपने तीन साथियों सक्षम, अखिल और हर्ष के साथ नवरात्रि के अवसर पर हटकोटी मंदिर गए थे।

वापस लौटते समय सड़क किनारे दिखा व्यक्ति

पुलिस के अनुसार, मंदिर में दर्शन करने और शाम को खाना खाने के बाद चारों युवक सक्षम की कार नंबर HP 10B-2684 में सवार होकर अपने गांव मंडोल लौट रहे थे। इसी दौरान डोची से कुछ पहले उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक व्यक्ति औंधे मुंह पड़ा दिखाई दिया। चारों युवक कार से उतरे और व्यक्ति को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने देखा कि वह बेहोश था और उसके सिर, मुंह तथा गर्दन के आसपास से खून बह रहा था। घटनास्थल के आसपास कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके बाद साहिल भीमटा और हर्ष ने पुलिस को सूचना दी तथा एंबुलेंस सेवा 108 को भी मौके पर बुलाया।

एंबुलेंस कर्मियों ने मृत घोषित किया

कुछ समय बाद पुलिस टीम और एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंचीं। एंबुलेंस कर्मियों ने जांच के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। बाद में मृतक की पहचान नेपाली मूल के 33 वर्षीय हिरेन्द्र के रूप में हुई, जो पिछले कुछ समय से जुब्बल क्षेत्र में रह रहा था।

हत्या का मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

एसपी गौरव सिंह के अनुसार, शिकायतकर्ता के बयान, घटनास्थल की परिस्थितियों और मृतक के शरीर पर मिले चोटों के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस वारदात से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है, ताकि हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version