Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

लीडरशिप बूट कैंप में 35 विद्यार्थियों ने सीखे व्यक्तित्व विकास के गुर

August 26, 2026

लीडरशिप बूट कैंप में 35 विद्यार्थियों ने सीखे व्यक्तित्व विकास के गुर

35 learned the tricks of personality development : कुल्लू। मेरा युवा भारत, कुल्लू की ओर से कृषि विज्ञान केंद्र, बजौरा में आयोजित तीन दिवसीय लीडरशिप बूट कैंप बुधवार को संपन्न हुआ। कैंप में जिले के छह विकास खंडों से चयनित 35 विद्यार्थियों ने भाग लेकर नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीमवर्क, अनुशासन और जीवन कौशल का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

कैंप का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता, टीम भावना, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी एवं व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना रहा। तीन दिनों के दौरान प्रतिभागियों के लिए विभिन्न प्रशिक्षण सत्र, समूह चर्चाएं, संवादात्मक गतिविधियां एवं व्यावहारिक अभ्यास आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को प्रभावी संवाद, टीमवर्क, समय प्रबंधन, समस्या समाधान तथा जीवन कौशल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में जिला युवा अधिकारी सुश्री प्रतिभा शर्मा का विशेष योगदान रहा। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। नेशनल यूथ वॉलंटियर्स लक्ष्मी कश्यप, तनुजा, ईशिता, निहाल एवं धर्मेंद्र ने भी विभिन्न गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कैंप के दौरान स्वास्थ्य, पोषण, व्यक्तित्व विकास एवं जीवन कौशल से संबंधित सत्र भी आयोजित किए गए। स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. सागर एवं श्री नवीन राणा ने प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य तथा समग्र विकास के संबंध में जानकारी दी।

बी.के. किरण दीदी, बी.के. गोदावरी दीदी एवं वी.डी. कुल्वी ने सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं नैतिक मूल्यों पर आधारित सत्रों में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। समापन समारोह में कृषि विज्ञान केंद्र, बजौरा के कार्यक्रम निदेशक एस.के. ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि डॉ. सागर एवं नवीन राणा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बी.के. किरण दीदी, बी.के. गोदावरी दीदी एवं वी.डी. कुल्वी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने कैंप में भाग लेने वाले सभी 35 विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। साथ ही कैंप के सफल आयोजन में योगदान देने वाले विशेषज्ञों एवं स्वयंसेवकों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने युवाओं को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य निर्धारित कर समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। तीन दिवसीय लीडरशिप बूट कैंप युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने, नेतृत्व कौशल विकसित करने तथा जिम्मेदार एवं सक्रिय नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें