कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में टीबी मुक्त अभियान को लेकर जहां लगातार कार्य किया जा रहा है। तो वही टीबी मुक्त पंचायत को भी पुरस्कार देकर अब सम्मानित किया जा रहा है। ताकि पंचायत में टीबी की बीमारी को लेकर जागरूकता बढ़े और इसके मामले कम हो। इसी उद्देश्य को लेकर जिला कुल्लू का मुख्यालय ढालपुर के क्षेत्रीय अस्पताल में टीबी मुक्त अभियान को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में कार्यवाहक डीसी सुरजीत सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। तो वहीं सीएमओ कुल्लू डॉक्टर रंजीत ठाकुर भी उपस्थित रहे। वहीं इस दौरान जिला कुल्लू में 35 पंचायत को इस बार टीबी मुक्त किया गया है और सभी पंचायत प्रतिनिधियों को गोल्ड, सिल्वर तथा ब्रॉन्ज मेडल देकर भी सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग कुल्लू से मिली जानकारी के अनुसार जिला कुल्लू में इस बार 35 पंचायत टीबी मुक्त हुई है। आनी स्वास्थ्य खंड की बात करें तो यहां पर 9 पंचायत टीबी मुक्त हुई है और बंजार में भी 9 पंचायत टीबी मुक्त हुई है। जरी स्वास्थ्य खंड में 3, नग्गर स्वास्थ्य खंड में 4 और निरमंड स्वास्थ्य खंड में 10 पंचायती टीबी मुक्त हुई है। ऐसे में मुख्य अतिथि सुरजीत सिंह राठौर के द्वारा दो पंचायत को गोल्ड मेडल दिया गए। तीन पंचायत को सिल्वर मेडल और 28 पंचायत को ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किए गए।
सीएमओ डॉक्टर रंजीत ठाकुर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग लगातार टीबी मुक्त अभियान को लेकर कार्य कर रहा है और जगह-जगह स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहे हैं। जिला कुल्लू में अब 35 पंचायतें पूरी तरह से टीबी मुक्त हो गई है। वही, कार्यक्रम में पहुंची ग्राम पंचायत जमद की प्रधान इंदिरा देवी ने बताया कि उनकी पंचायत पहली बार टीबी मुक्त हुई है जो की अच्छी बात है। उन्होंने बताया कि पंचायत में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जागरूकता शिविर भी लगाए जा रहे हैं और पंचायत प्रतिनिधि भी लोगों को इस बीमारी से जागरूक करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
निरमंड स्वास्थ्य खंड की ग्राम पंचायत बाखल की प्रधान योगिता ने बताया कि उनकी पंचायत को सिल्वर मेडल मिला है। ऐसे में वह आने वाले समय में भी टीबी मुक्त अभियान कार्यक्रम के तहत अपने पंचायत में शिविरों का आयोजन करेंगे और स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर पूरी पंचायत में इस अभियान को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा।
📍 Location: Kullu (KULLU)

