हमीरपुर : भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान उसे हाथ में लेकर दिखावा करने से नहीं, बल्कि उसके अनुच्छेदों का पालन करने से होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस आज तक यह स्पष्ट नहीं कर पाए हैं कि संविधान में कितने पृष्ठ और अनुच्छेद हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि कांग्रेस संविधान की रक्षा कर सकती है तो बिल्ली भी दूध की रखवाली कर सकती है।
अनुराग ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास लोकतांत्रिक मूल्यों के उल्लंघन से भरा हुआ है। उन्होंने इंदिरा गांधी के चुनाव को अयोग्य घोषित किए जाने और 1989 के अमेठी लोकसभा चुनाव में बूथ लूट की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र में नहीं, बल्कि लंठतंत्र में विश्वास करती है। उन्होंने वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए कहा कि इसके 50 वर्ष बीत जाने के बावजूद कांग्रेस और गांधी परिवार ने देश से माफी नहीं मांगी है।
उन्होंने राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और यह स्वीकार करने की मांग की कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक व्यवस्था को कुचला था। सांसद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्ष 1951 में डॉ. भीमराव अंबेडकर को नेहरू मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया। इसके बाद 1952 और 1954 के चुनावों में उन्हें हराया गया तथा लंबे समय तक भारत रत्न से सम्मानित नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के कार्यकाल में संविधान के अनुच्छेद 356 का लगभग 50 बार दुरुपयोग किया गया।
इसमें वर्ष 1984 में एनटी रामा राव की निर्वाचित सरकार को बर्खास्त करने का मामला भी शामिल है। अनुराग ने कांग्रेस पर शाह बानो मामले में सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को पलटने, राष्ट्रीय सलाहकार परिषद (एनएसी) के माध्यम से समानांतर व्यवस्था चलाने और वर्ष 2013 में केंद्रीय मंत्रिमंडल के अध्यादेश को सार्वजनिक रूप से फाड़कर संवैधानिक मर्यादाओं का अपमान करने के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को संविधान और लोकतंत्र पर सवाल उठाने से पहले अपने इतिहास का जवाब देना चाहिए।

