Site icon Dainik Savera Times

परवाणू में ऑल्टो कार सवार युवक से 8.72 ग्राम चिट्टा बरामद, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

परवाणू: जिला सोलन पुलिस की विशेष जांच इकाई (SIU) ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दत्यार के समीप एक ऑल्टो कार में बैठे युवक से 8.72 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना परवाणू में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने नशे की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ऑल्टो कार को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को जिला पुलिस की SIU टीम गश्त एवं जांच के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर दत्यार के समीप पहुंची। इस दौरान टीम ने एक ऑल्टो कार में बैठे युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 8.72 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। आरोपी की पहचान नवीन कुमार (37) पुत्र स्वर्गीय हरी सिंह निवासी गांव क्यारड, डाकघर भराड़ीघाट, तहसील अर्की, जिला सोलन के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पुलिस थाना परवाणू में FIR नंबर 153/2026 दिनांक 25 नवंबर 2026 को NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से संबंधित ऑल्टो गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी को 26 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया। वहीं, पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टे की खेप कहां से लेकर आया था और क्या वह नशे की सप्लाई के किसी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। फिलहाल मामले में आगामी जांच जारी है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version