Site icon Dainik Savera Times

Sujanpur Air Show: सुजानपुर में वायु सेना के 9 जेट ने दिखाए करतब, सैनिक स्कूल के पूर्व छात्रों ने भरी उड़ान

Sujanpur Air Show

Sujanpur Air Show

हिमाचल डेस्कः प्रदेश के सुजानपुर में सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा के ऊपर आसमान में एयरफोर्स की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम ने नौ जेटों के साथ अद्भुत करतब दिखाए। एयरफोर्स स्टेशन चंडीगढ़ और आदमपुर से उड़ान भरने के बाद विमानों ने मैदान के ठीक ऊपर कलाबाजियां भरीं। रंग-बिरंगे धुएं से बने आकाशीय डिजाइनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस शो का उद्देश्य युवाओं को वायुसेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित करना था।

सैनिक स्कूल के पूर्व छात्रों ने उड़ान भरी

टीम में सैनिक स्कूल के दो पूर्व छात्र वायुसेना के एयर कमोडोर बृजेश पाल और स्क्वाड्रन लीडर हिमकुश चंदेल भी शामिल थे। उनकी उड़ान पर परिसर में सीटियां और तालियां गूंज उठीं। कमेंट्री बाक्स से वायुसेना अधिकारी हर करतब की जानकारी दर्शकों तक पहुंचाते रहे।

एनसीसी कैडेट्स उत्साहित

हमीरपुर जिले के 44 स्कूलों और 10 कॉलेजों से करीब 500-600 एनसीसी कैडेट्स ने शो देखा। लेफ्टिनेंट कमल संधू और पायलट संदेश ने कहा कि यह छात्रों के लिए वायुसेना की कार्यप्रणाली, अनुशासन और कौशल को नजदीक से समझने का दुर्लभ अवसर है। दो दिवसीय आयोजन का पहला दिन था, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और सांसद अनुराग ठाकुर का दौरा रद्द हो गया।

विधायक राणा बोले- सैनिक होने का गर्व

विधायक रणजीत सिंह राणा ने कहा कि मैं खुद सैनिक हूं, ऐसे आयोजन गर्व की बात हैं। उन्होंने प्रधानाचार्य रचना जोशी को धन्यवाद दिया तथा सैनिक स्कूल के छात्रों को बधाई दी, जो देश के उच्च पदों पर सेवा दे रहे हैं। आयोजन कल भी जारी रहेगा।

Exit mobile version