Site icon Dainik Savera Times

रामपुर में काले भालू ने 72 वर्षीय बुजुर्ग पर किया हमला, सिर पर आई गहरी चोट

शिमला: जिले के रामपुर की शाहधार पंचायत के बथरा गांव में भालू ने गौशाला में घुसकर वहां बंधी गाय और उसके बछड़े पर हमला कर दिया।भालू ने बीच-बचाव करने आए 72 वर्षीय व्यक्ति पर भी हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को रामपुर के खनेरी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

बथरा गांव में मंगलवार रात 11 बजे भालू घुस आया। यहां वह शाली राम की गौशाला में घुस गया। भालू ने गौशाला में बंधी गाय और बछड़े पर हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। इस दौरान 72 वर्षीय शाली राम ने जब गाय और बछड़े के कराहने की आवाज सुनी तो वह तुरंत अपने घर से बाहर आए और बीच-बचाव करने की कोशिश की तो भालू ने उन पर भी हमला कर दिया। भालू के हमले में शाली राम के सिर पर गहरी चोट आई है।

इस दौरान शाली राम की पत्नी बाहर आई और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। चीख-पुकार सुनकर भालू मौके से भाग गया। घटना की सूचना जैसे ही ग्रामीणों को मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल व्यक्ति को 108 एंबुलेंस की मदद से खनेरी अस्पताल पहुंचाया। ग्राम प्रधान महेंद्र सिंह ने बताया कि इस संबंध में वन विभाग को भी सूचित कर दिया गया है और विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से पीड़ित व्यक्ति की हर संभव मदद करने की अपील की है।

Exit mobile version