आनी-नेरचौक : उपमंडल के राणाबाग–देहुरी सड़क मार्ग पर सुबह एक कार खाई में गिरने से दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरबाग निवासी डॉ. बृज लाल (60 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय धनी राम अपनी कार (एचपी-92ए-4300) में पत्नी सुनीता (54 वर्ष) तथा 18 वर्षीय पुत्री भव्या के साथ यात्रा कर रहे थे। सुबह लगभग 10:15 बजे राणाबाग–करशेइगाड़ सड़क मार्ग पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि डॉ. बृज लाल और उनकी पत्नी सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पुत्री भव्या गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने घायल युवती को खाई से बाहर निकालकर तत्काल सिविल अस्पताल आनी पहुंचाया। सिविल अस्पताल आनी के बीएमओ डॉ. भागवत मेहता ने बताया कि घायल भव्या का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है। इस हादसे से अमरबाग सहित पूरे आनी क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दिवंगत दंपति के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायल बेटी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

