शिमला: राजधानी शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत शिमला पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने शोघी में राष्ट्रीय राजमार्ग-05 (NH-05) पर नाकाबंदी के दौरान एक बस में सवार व्यक्ति से नशीली दवाओं की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 1140 कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ ND&PS एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल शिमला की टीम ने शोघी में NH-05 पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इसी दौरान एक बस को चेकिंग के लिए रोका गया। बस में सवार यात्रियों की जांच के दौरान पुलिस को एक व्यक्ति की गतिविधियों पर संदेह हुआ। इसके बाद जब उसके पीठू बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से 960 कैप्सूल ट्रामाडोल HCL 50 mg और 180 टैबलेट अल्प्राजोलम 0.5 mg बरामद हुईं।
पुलिस ने आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार (41) पुत्र अतर सिंह, निवासी शिमला के रूप में की है। बरामद दवाइयों को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अभियोग संख्या 241/2026 दिनांक 5 नवंबर 2026 के तहत धारा 22 ND&PS Act तथा धारा 18(c) Drugs & Cosmetics Act के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी के पास इतनी बड़ी मात्रा में दवाइयां कहां से आईं और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था। इसके अलावा इन दवाइयों की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों तथा संभावित अवैध नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। शिमला पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
📍 Location: शिमला (शिमला)

