Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिंदू रक्षा मंच के बेनर तले 18 दिसंबर को रामपुर बुशहर में किया जाएगा विशाल धरना प्रदर्शन

December 14, 2024

हिंदू रक्षा मंच के बेनर तले 18 दिसंबर को रामपुर बुशहर में किया जाएगा विशाल धरना प्रदर्शन

रामपुर (मीनाक्षी): हिंदू रक्षा मंच के बेनर तले  18 दिसंबर को रामपुर बुशहर में एक विशाल प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। यह प्रदर्शन बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे उत्पीड़न और नरसंहार के विरोध में किया जा रहा है। रामपुर बुशहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हिन्दू रक्षा मंच के संयोजक विनय शर्मा ने इस प्रदर्शन के संबंध में जानकारी देते हुए सभी ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों और विभिन्न संगठनों से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

विनय शर्मा ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा और अत्याचार चिंता का विषय है। ऐसे मामलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी आवाज उठाने की जरूरत है, ताकि वहां के हिंदू समुदाय को न्याय मिल सके। इस प्रदर्शन का उद्देश्य न केवल इस मुद्दे पर लोगों का ध्यान आकर्षित करना है, बल्कि प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपकर सरकार से इस मामले में त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की मांग करना भी है।

कार्यक्रम में स्थानीय और अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के भाग लेने की संभावना है। विनय शर्मा ने सभी से अपील की है कि वे इस प्रदर्शन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर एकजुटता का परिचय दें। प्रदर्शन के माध्यम से हिंदू रक्षा मंच यह संदेश देना चाहता है कि हिंदू समाज अपने समुदाय के किसी भी सदस्य के साथ अन्याय और अत्याचार को सहन नहीं करेगा।

हिंदू रक्षा मंच का यह कदम समाज में न्याय और समानता की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। प्रदर्शन के सफल आयोजन के लिए सभी सदस्यों और संगठनों को आमंत्रित किया गया है। इस दौरान अन्य विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी वार्ता में भाग लिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें