शिमला: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी, किन्नौर द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ एवं ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत आज रिकांग पिओ में विशाल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा तथा संविधान के मूल्यों के प्रति आम जनता को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय सचिव, RGPRS एवं पूर्व जिला कांग्रेस संगठन महामंत्री अधिवक्ता राम सिंह नेगी ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के मताधिकार, संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संगठित होकर जनता के बीच जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि एक-एक वोट देश के लोकतांत्रिक भविष्य की नींव है। मतदाता सूची और मतदान के अधिकार से जुड़े प्रत्येक विषय पर जनता को जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों का विश्वास मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
देशभर में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे “लोकतंत्र बचाओ सप्ताह” के तहत जिला स्तर पर “वोट बचाओ–देश बचाओ” मार्च एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी, किन्नौर ने भी कार्यकर्ताओं और आम जनता की भागीदारी के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया।
रैली जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, रिकांग पिओ से शुरू होकर सब्जी मोहल्ला, ITBP रोड, HDFC बैंक होते हुए मुख्य चौक, रिकांग पिओ तक पहुंची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के पक्ष में आवाज बुलंद की।
राम सिंह नेगी ने कहां लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनता की भागीदारी आवश्यक है और जिला किन्नौर कांग्रेस पार्टी संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों तथा मताधिकार की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।
📍 Location: शिमला (शिमला)

