Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

पालमपुर में चलती एचआरटीसी बस में लगी भीषण आग, सभी यात्री सुरक्षित

July 18, 2026

पालमपुर में चलती एचआरटीसी बस में लगी भीषण आग, सभी यात्री सुरक्षित

पालमपुर : पालमपुर-चौकी खलेट मार्ग पर शुक्रवार सुबह हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और वह जलकर राख हो गई। यह हादसा कलूना चौकी (लाहड़ चौकी) के समीप उस समय हुआ जब बस पुडबा (क्यारवां सरूट) से पालमपुर के लिए चली थी। गनीमत यह रही कि चालक यशपाल और परिचालक धर्मेंद्र कुमार की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

आग की घटना पर बयान जारी करते हुए मंडलीय प्रबंधक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण सेल्फ स्टार्टर असेंबली के पास अचानक हुआ शॉर्ट सर्किट पाया गया है। एचआरटीसी की बस संख्या HP-37D-1654 सुबह पुडबा से पालमपुर आ रही थी, जिसमें हादसे के वक्त 12 यात्री सवार थे (हालांकि प्रारंभिक सूचना में सवारियों की संख्या 25 से 30 बताई जा रही थी)। लाहड़ चौकी के समीप पहुंचते ही सेल्फ स्टार्टर के पास अचानक आग भड़की। चालक-परिचालक और यात्रियों के लिखित बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मंडलीय प्रबंधक, क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मशाला व पालमपुर तथा दोनों जेटीओ की समिति ने मामले की विस्तृत जांच की है।

पुरानी बसों के संचालन पर उठे सवाल

उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) ओपी. यादव ने भी घटना की पुष्टि करते हुए सभी के सुरक्षित होने की बात कही। बताया जा रहा है कि यह बस 2013 मॉडल की काफी पुरानी बस थी, जो नवंबर 2027 तक पास तो थी, लेकिन अपनी निर्धारित परिचालन अवधि और तय किलोमीटर की सीमा लगभग पूरी कर चुकी थी। 16 जुलाई को अंतिम निरीक्षण और 17 जुलाई की सुबह नियमित जांच के दौरान कोई डीजल रिसाव या तकनीकी खराबी सामने नहीं आई थी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एचआरटीसी प्रबंधन से जर्जर व पुराने वाहनों को शीघ्र बदलने तथा नियमित तकनीकी निरीक्षण सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें