Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

ब्रेक फेल होने से निजी स्कूल की बस दुर्घटनाग्रस्त, बच्चे और स्टाफ चोटिल

January 28, 2026

ब्रेक फेल होने से निजी स्कूल की बस दुर्घटनाग्रस्त, बच्चे और स्टाफ चोटिल

पालमपुर : उपमंडल के अंतर्गत निजी स्कूल एवीएम स्कूल पाहड़ा की एक स्कूल बस ब्रेक फेल होने के कारण शिवनगर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस में सवार कुछ बच्चों और स्कूल स्टाफ को चोटें आई हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए पालमपुर अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

गनीमत यह रही कि बस की रफ्तार अधिक नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना में 10 बच्चों व एक महिला टीचर सहित बस परिचालक को चोटें आई हैं। गंभीर घायल परिचालक को टांडा रेफर किया गया है। जबकि आंशिक घायल बच्चों व महिला टीचर का इलाज पालमपुर अस्पताल में इलाज कर घर को भेजा गया है।

पालमपुर अस्पताल में घायलों का हाल जानने के लिए प्रदेश आयुष एवं खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा स्वयं पहुंचे। उन्होंने उपचाराधीन बच्चों और स्टाफ की कुशलक्षेम पूछी तथा अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों को घायलों के बेहतर और त्वरित उपचार के निर्देश दिए। मंत्री गोमा ने कहा कि बच्चों की सेहत सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभाग को बस की तकनीकी जांच कराने और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के भी निर्देश दिए।

वहीं स्कूल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि घायल सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने भी स्कूल बसों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें