धर्मशाला : गगल एयरपोर्ट के बहुप्रतीक्षित विस्तार के साथ अब इसके चारों ओर रिंग रोड बनाने की कवायद भी तेज हो गई है। एयरपोर्ट के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के बाद प्रदेश सरकार ने रिंग रोड के लिए भी 9.4 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि अधिग्रहित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में पहले छूट गए खसरा नंबरों को भी शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार के इस कदम से एयरपोर्ट विस्तार के साथ प्रस्तावित रिंग रोड की राह साफ होने की उम्मीद जगी है। गगल एयरपोर्ट के विस्तार की जद में पहले ही आसपास के करीब 980 परिवार आ चुके हैं। भूमि अधिग्रहण के चलते इन परिवारों के सामने विस्थापन की स्थिति बनी हुई है। अब रिंग रोड के लिए अतिरिक्त 9.4 हेक्टेयर जमीन लिए जाने से परियोजना के लिए अधिगृहीत की जाने वाली भूमि का दायरा और बढ़ेगा।
ऐसे में एयरपोर्ट विस्तार के साथ रिंग रोड के लिए होने वाला भूमि अधिग्रहण भी स्थानीय लोगों के लिए अहम मुद्दा बन गया है। रिंग रोड बनने के बाद एयरपोर्ट के आसपास यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के साथ यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की योजना है। एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ने के बाद बढ़ने वाले यातायात दबाव को कम करने में भी यह सड़क अहम भूमिका निभा सकती है।
गग्गल एयरपोर्ट का विस्तार महज हवाई सेवाओं की क्षमता बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगा। इसके साथ आसपास का सड़क ढांचा और संपर्क मार्ग भी विकसित किए जाने हैं। पर्यटन विभाग के उपनिदेशक विनय धीमान ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण के साथ रिंग रोड के लिए 9.4 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है।

