Site icon Dainik Savera Times

प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह के पास श्रद्धालुओं से भरा ट्रक खाई में गिरा

इंद्री : ऊना जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह के समीप श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रक अचानक बेकाबू होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक में सवार 11 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि 51 श्रद्धालु घायल हो गए। मृतक की पहचान पायल पुत्री नरेश निवासी करनाल हरियाणा के रूप में हुई है। घायलों में महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं। सभी श्रद्धालु हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया, जहां से तीन को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।

वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार हरियाणा के 52 श्रद्धालु दो दिन पहले पीर निगाह मंदिर में माथा टेकने और भंडारा आयोजित करने के लिए पहुंचे थे। मंगलवार सुबह सभी श्रद्धालु पीरनिगाह से माता नैना देवी के दरबार के लिए रवाना हुए थे। मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और खाई में गिरे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान घायल श्रद्धालुओं को एंबुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने घायलों का उपचार शुरू किया।

हादसे में कई श्रद्धालुओं को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत वाले चार घायलों को बेहतर उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जहां 11 वर्षीय पायल की मौत हो गई।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार करवाया गया। वहीं ट्रक चालक रजत के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version