Last Updated: November 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

बैठक से गैरहाजिर अधिकारियों को नोटिस, एक्सईएन से मांगा जाएगा जवाब

November 27, 2026

बैठक से गैरहाजिर अधिकारियों को नोटिस, एक्सईएन से मांगा जाएगा जवाब

Absent Officials Face Show-Cause Notices Over Meeting Absence : शिमला। आज एक बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता स्थानीय निधि लेखा समिति के सभापति संजय रत्न की। इस दौरान समिति के सदस्य राकेश जम्वाल, कुलदीप सिंह राठौर, मलेंद्र राजन और विवेक शर्मा उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त, बैठक में विधायक चौपाल बलबीर वर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। पंचायत विभाग में पिछले कई वर्षों से ऑडिट पैरा को समायोजित करवाने में देरी को लेकर समिति ने कड़ी चिंता जाहिर की। पंचायत विभाग के तहत जिला के विभिन्न ब्लॉक में करीब 4700 ऑडिट पैरा लगे है। वर्ष 2000 से पूर्व 1 लाख रुपए से कम के ऑडिट पैरा को ऑडिट विभाग से अनुमति लेकर बट्टे खाते में डालने के निर्देश समिति ने दिए। इसके साथ वर्ष 2000 से लेकर अभी तक के ऑडिट पैरा को अगले तीन महीनों में समायोजित करवाने के निर्देश दिए।

अगर तीन महीनों के भीतर ऑडिट पैरा सेटल करवाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं किया गई तो सम्बंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। इसी प्रकार, शहरी स्थानीय निकाय में भी 1999 तक के एक लाख रुपए से कम के ऑडिट पेरा को बट्टे खाते में डालने के निर्देश दिए। सभापति ने निर्देश दिए कि शहरी स्थानीय निकाय की पेंशन, रिटायरमेंट के वित्तीय लाभ राज्य कोषागार के माध्यम से जारी करने की अनुशंसा की जाएगी। अभी तक सेवानिवृति के पश्चात यह सारे लाभ स्थानीय निकाय अपने स्तर पर जारी कर रहे थे।

स्थानीय निधि लेखा समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष अनुपस्थित पाए गए। कई अधिकारियों ने अपने से निचले स्तर के अधिकारियों को बैठक में भेजा हुआ था। इस पर समिति ने कड़ा रुख अपनाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जो एक्सईएन बैठक नदारद रहे उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। इसके साथ लोक निर्माण विभाग जिला शिमला के सभी एक्सईएन को अपने विभाग के सचिव सहित विधानसभा की बैठक में उपस्थित होकर इस बैठक में अनुपस्थित होने का कारण बताना होगा। इसके साथ ही विद्युत विभाग के 7 अनुपस्थित अधिकारियों को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सभापति संजय रत्न ने कहा कि स्थानीय निधि लेखा समिति मिनी विधानसभा के बराबर होती है। समिति के समक्ष अगर किसी अधिकारी द्वारा झूठे तथ्य रखे गए तो उसके खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की 24 घंटे की ड्यूटी होती है। हमें वर्क कल्चर को समझना होगा। उन्होंने कहा कि लोगों को सुविधाएं मुहैया करवाने में कई विभाग असफल हो रहे है। विभाग बजट का सदुपयोग नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एक्शन लेना चाहिए। हमारा लक्ष्य हिमाचल प्रदेश को समृद्ध राज्य बनाना है और विकास के कार्यों को तय सीमा के भीतर पूर्ण करना है।

सरकारी पैसे में जरा भी भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि एक माह के भीतर जिला की सभी शहरी स्थानीय निकाय की बैठक उपायुक्त की अध्यक्षता में और जिला के सभी खंड विकास अधिकारियों के साथ अतिरिक्त उपायुक्त बैठक करेंगे जिसमें उस बजट पर विशेष रणनीति बनाये जो खर्च नहीं हुआ है। उन्होंने सभी विभागों को 31 मार्च 2027 से पहले वर्ष 2000 तक के ऑडिट पैरा को समायोजित करवाने के निर्देश दिए अन्यथा संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, उन्होंने शिमला जिला के स्थानीय शहरी निकाय में कितनी देनदारियां और कितने टैक्स, रेंट लंबित है इसकी पूरी जानकारी एक महीने के भीतर समिति को भेजने के निर्देश भी दिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें