ABVP intensifies agitation over students’ demands : कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने अगस्त माह के लिए चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा घोषित कर दी है। एबीवीपी ने 31 जुलाई से 17 अगस्त तक ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन, हस्ताक्षर अभियान, रैली और सांकेतिक भूख हड़ताल जैसे कार्यक्रम आयोजित कर सरकार पर छात्रों की समस्याओं के समाधान का दबाव बनाने का ऐलान किया है।
छात्रों की मांगों पर एबीवीपी का आंदोलन
हिमाचल प्रदेश में विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालय में छात्रों की मांगों को लेकर अब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के द्वारा आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए अगस्त महीने की रूपरेखा भी तैयार कर ली गई है और पूरे प्रदेश में इकाई स्तर पर धरने प्रदर्शन भी आयोजित किए जाएंगे। ढालपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद लाहौल स्पीति के संयोजक अभिनव कश्यप ने बताया कि 31 जुलाई को जिला कुल्लू में भी इकाई स्तर पर पहले कॉलेज में प्राचार्य को ज्ञापन दिया जाएंगे और 3 अगस्त को डीसी, एसडीएम के माध्यम से भी मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजे जाएंगे।
छात्र मांगों पर एबीवीपी का चरणबद्ध आंदोलन
उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को पूरे प्रदेश में इकाई स्तर पर छात्रों की मांगों को लेकर धरना किया जाएगा और 6 तथा 7 अगस्त को छात्रों के द्वारा हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा। अभिनव कश्यप ने बताया कि 11 अगस्त को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के द्वारा इकाई स्तर पर रैली भी निकाली जाएगी और 13 से लेकर 14 अगस्त तक सांकेतिक भूख हड़ताल भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर इसके बावजूद भी छात्रों की विभिन्न मांगों का निपटारा नहीं होता है तो 17 अगस्त को पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर धरना प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। ऐसे में छात्रों की मांगों को हल करने के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद लगातार प्रयास कर रही है और जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक इन मांगों को उठाया जा रहा है।

