Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में ABVP-SFI छात्रों के बीच झड़प, पुलिस ने 5 को किया गिरफ्तार

शिमला: शिमला के समरहिल स्थित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में शनिवार को पूर्व की घटना को लेकर ABVP और SFI से जुड़े छात्र-छात्राओं के बीच विवाद हो गया। बहसबाजी के बाद मामला आपसी झड़प तक पहुंच गया। घटना की सूचना मिलते ही बालूगंज थाना पुलिस, QRT और विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

बताया जा रहा है कि दोनों छात्र संगठनों से जुड़े विद्यार्थियों के बीच किसी पुरानी घटना को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति संभालने का प्रयास किया। पुलिस के पहुंचने के बाद मामले को शांत करवाया गया और परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।

झड़प के दौरान दोनों पक्षों के कुछ छात्रों को मामूली चोटें आने की सूचना है। पुलिस द्वारा संबंधित छात्रों का चिकित्सीय परीक्षण करवाया जा रहा है। वहीं, स्थिति को और बिगड़ने से रोकने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल पांच छात्रों को निवारक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय परिसर में किसी भी प्रकार की हिंसा, उपद्रव अथवा कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि माहौल खराब करने या विवाद को बढ़ाने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। पुलिस तथा विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि दोबारा किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version