Site icon Dainik Savera Times

ब्लैक स्पॉट सुधारें, हादसों पर लगेगी लगाम : राठौर

Accidents will be curbed by improving black spots : कुल्लू। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट में सुधार कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एडीएम सुरजीत कुमार राठौर ने तीखे मोड़ों और गहरी खाइयों वाले स्थानों पर क्रैश बैरियर, चेतावनी बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाने के साथ सर्दियों में एंटी-स्किड तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया।

एडीएम ने सड़क सुरक्षा समिति के सभी संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाने तथा प्रभावी सुझाव देने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के पहाड़ी क्षेत्र को देखते हुए तीखे मोड़ों और गहरी खाइयों वाले स्थानों पर मजबूत क्रैश बैरियर लगाने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) को चिह्नित कर वहां आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने इन स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और उचित संकेतक लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सर्दियों के दौरान कोहरे और बर्फबारी के कारण होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए सड़कों पर पर्याप्त रिफ्लेक्टर लगाने तथा एंटी-स्किड तकनीक के उपयोग पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने आईआरएडी/ईआरएडी पोर्टल के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं का सटीक विश्लेषण करने तथा हादसों के बाद तकनीकी ऑडिट समय पर पूरा करने के लिए पोर्टल पर डाटा एंट्री में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन, सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने तथा सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग और रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ चालान तथा नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बैठक में स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करने तथा स्कूल बसों, यात्री वाहनों और भारी वाहनों की फिटनेस, परमिट, ओवरलोडिंग और प्रदूषण की नियमित जांच सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनमोहन सिंह, सहायक आयुक्त जयबन्ती ठाकुर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आकांक्षा शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता बी.एस. नेगी, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुरेश सहित एनएचएआई के अधिकारी और जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Exit mobile version