Last Updated: November 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal News : सोने-चांदी के आभूषण और नकदी की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी

November 23, 2026

Himachal News : सोने-चांदी के आभूषण और नकदी की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी

Accused Arrested in Sankat Mochan Temple Theft  : शिमला। राजधानी शिमला के प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने चोरी की वारदात में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आरोपी की पहचान हितेन्द्र कंवर (31), निवासी बसंतपुर, तहसील सुन्नी, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 23 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया है। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और पुलिस चोरी की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, एक नवंबर 2026 को संकट मोचन मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई थी। शातिर चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया था।

इसके बाद मंदिर से सोने और चांदी के आभूषणों के साथ-साथ दानपात्रों में रखी नकदी भी चोरी कर ली गई थी। मंदिर में चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस थाना पश्चिम शिमला में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस संबंध में अभियोग संख्या 236/26, दिनांक 01.11.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(D) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का भी गहन विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर वारदात में संलिप्त होने के संदेह में हितेन्द्र कंवर की पहचान की गई।

पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को 23 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अब उससे चोरी की वारदात को लेकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी कहां छिपाई गई है तथा इस वारदात में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरी किए गए सामान की बरामदगी और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें