Site icon Dainik Savera Times

किसानों को बाहर से खाद खरीदने की जरूरत नहीं, देसी संसाधनों से तैयार करें जीवामृत

Acharya Devvrat Urges Farmers to Adopt Natural Farming : शिमला। गुजरात के राज्यपाल एवं हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती के अभियान को आगे बढ़ाने वाले आचार्य देवव्रत इन दिनों शिमला दौरे पर हैं।

शिमला पहुंचे आचार्य देवव्रत ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में प्राकृतिक खेती की अहम भूमिका रहेगी। इससे न केवल किसानों की खेती पर होने वाली लागत कम होगी, बल्कि उत्पादन भी बेहतर बना रहेगा। साथ ही पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य को भी सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। आचार्य देवव्रत ने कहा कि हिमाचल प्रदेश से शुरू हुआ प्राकृतिक खेती का अभियान आज पूरे देश में फैल रहा है और किसान धीरे-धीरे इसे अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि रासायनिक खादों और कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल से जमीन की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो रही है। इसका असर खाद्यान्न, फल और सब्जियों की गुणवत्ता के साथ मानव स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है।

उनके अनुसार यूरिया, डीएपी और रासायनिक कीटनाशकों के इस्तेमाल से खाद्य पदार्थों में हानिकारक तत्व पहुंचने का खतरा रहता है। उन्होंने कैंसर, हार्ट अटैक और किडनी फेल जैसी गंभीर बीमारियों के बढ़ते मामलों के संदर्भ में भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जब हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती का अभियान शुरू किया गया था, उस समय जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री थे और उन्होंने इसके लिए आर्थिक सहयोग दिया था। खुशी की बात है कि वर्तमान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार भी इस अभियान को उसी मनोयोग से आगे बढ़ा रही है। प्राकृतिक खेती किसी राजनीतिक विचारधारा से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि मानवता और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा मिशन है।

आचार्य देवव्रत ने प्राकृतिक खेती के पांच प्रमुख सिद्धांतों की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें बीजामृत से बीज उपचार, घनजीवामृत और जीवामृत का इस्तेमाल, मल्चिंग, अच्छादन और मल्टीक्रॉपिंग को विशेष महत्व दिया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैविक खेती और प्राकृतिक खेती को एक समान समझना सही नहीं है। जैविक खेती में किसानों को कई बार बाहर से खाद और अन्य इनपुट खरीदने पड़ते हैं, जबकि प्राकृतिक खेती में गाय के गोबर, गोमूत्र, गुड़, बेसन और खेत की मिट्टी से ही जीवामृत तैयार किया जा सकता है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्राकृतिक खेती अपनाने के बाद उनके खेत में ऑर्गेनिक कार्बन का स्तर 0.234 से बढ़कर 1.7 तक पहुंच गया है।

फसलों को कीटों से बचाने के लिए अग्निअस्त्र और ब्रह्मास्त्र जैसे पारंपरिक घोल भी प्रभावी तरीके से इस्तेमाल किए जा सकते हैं। आचार्य देवव्रत ने बताया कि गुजरात में प्राकृतिक खेती से तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए करीब 1500 केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां किसानों को उनके उत्पादों का उचित दाम मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस अभियान को राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन के रूप में आगे बढ़ाया है। उन्होंने देशभर के किसानों से अपील की कि वे अपनी जमीन के कम से कम एक हिस्से में परिवार के इस्तेमाल के लिए प्राकृतिक खेती शुरू करें। इसके परिणाम देखने के बाद धीरे-धीरे इसे अपने पूरे खेत में अपनाने की दिशा में आगे बढ़ें।

Exit mobile version