Adventure Water Sports Begin at Kol Dam Reservoir : शिमला। हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को नई उड़ान देने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंडी जिले के ऐहन में कोल डैम जलाशय में एडवेंचर वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का वर्चुअल शुभारंभ किया। ऐहन से तत्तापानी तक करीब 35 किलोमीटर क्षेत्र में पर्यटकों को स्पीड बोट, जेट स्की, बनाना बोट, बंपर राइड और मिनी क्रूज जैसी रोमांचक सुविधाएं मिलेंगी। इस पहल से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
ऐहन से तत्तापानी तक लगभग 35 किलोमीटर के जलाशय क्षेत्र में इन गतिविधियों के विस्तार से पर्यटकों को रोमांचक अनुभव प्राप्त होंगे। इसके साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। राज्य सरकार ने कोल डैम जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए यहां साहसिक जल क्रीड़ा गतिविधियों का विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस पहल के तहत पर्यटकों के लिए स्पीड बोट, जेट स्की, बनाना बोट, बंपर राइड और 20 यात्रियों की क्षमता वाला मिनी क्रूज सहित विभिन्न आकर्षक गतिविधियां उपलब्ध होंगी।
इससे पर्यटक जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के साथ रोमांचक अनुभव भी प्राप्त कर सकेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और वॉटर स्पोर्ट्स इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। पर्यटन क्षेत्र से लाखों परिवारों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं, वहीं इससे राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इससे पहले बिलासपुर में भी इस प्रकार की गतिविधियां शुरू कर चुकी है। सरकार का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना है।
इस अवसर पर पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच आज धरातल पर साकार हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन गतिविधियों के शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर शिमला में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया और महाधिवक्ता अनूप रतन उपस्थित थे। वहीं, जिला मंडी के ऐहन में जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, उपायुक्त अपूर्व देवगन और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

