Site icon Dainik Savera Times

सुनील शर्मा के समर्थन में उतरे अधिवक्ता विनय शर्मा, बोले- गलत पुलिस कार्रवाई के खिलाफ बिना फीस लड़ेंगे केस

शिमला: सोशल मीडिया पर पोस्ट को लेकर ठियोग निवासी सुनील शर्मा के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई के विरोध में अब अधिवक्ता विनय शर्मा भी उतर आए हैं। उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे गलत करार दिया है। विनय शर्मा का कहना है कि सुनील शर्मा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों और आम लोगों की समस्याओं को सोशल मीडिया के माध्यम से उठाते रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करना उचित नहीं है।

अधिवक्ता विनय शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकार की कमियों और खामियों को उजागर करने वाले लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार के कामकाज पर सवाल उठाता है या जनसमस्याओं को सामने लाता है, उसके खिलाफ सरकार के इशारे पर पुलिस के माध्यम से एफआईआर दर्ज करवाई जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि वह स्वयं भी इस तरह की कार्रवाई के भुक्तभोगी हैं और उनके खिलाफ भी अब तक 15 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं।

विनय शर्मा ने कहा कि प्रदेश में किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या कंटेंट क्रिएटर के खिलाफ यदि गलत तरीके से एफआईआर दर्ज की जाती है तो वह संबंधित व्यक्ति का केस बिना किसी शुल्क के लड़ेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के माध्यम से जनहित के मुद्दे उठाने वाले लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध करवाने के लिए वह आगे आएंगे।

उन्होंने बालूगंज थाना की भूमिका पर भी सवाल उठाए। विनय शर्मा ने पूछा कि आखिर सरकार की कमियों को उजागर करने वाले लोगों के खिलाफ बालूगंज थाना में ही एफआईआर क्यों दर्ज होती हैं? उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए पुलिस कार्रवाई को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की।

अधिवक्ता विनय शर्मा ने बताया कि सुनील शर्मा के समर्थन में मंगलवार को महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष बैठकर प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान सोशल मीडिया पर जनहित के मुद्दे उठाने वाले लोगों के खिलाफ कथित तौर पर की जा रही पुलिस कार्रवाई का विरोध किया जाएगा। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जनसमस्याओं को सामने लाने वाले लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए वह कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

Also Read :

Exit mobile version