Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

विधायक निधि रुकने से लोगों के छोटे-छोटे काम हो रहे प्रभावित, सरकार तुरंत करें बहाल : राजेंद्र राणा

January 25, 2024

विधायक निधि रुकने से लोगों के छोटे-छोटे काम हो रहे प्रभावित, सरकार तुरंत करें बहाल : राजेंद्र राणा

सुजानपुर (गौरव जैन) : सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि जनता के चुने हुए विधायकों के पास जब लोग छोटे-छोटे काम लेकर आते हैं, तो विधायक निधि के तहत प्राप्त राशि से इन कार्यों को पूर्ण करने की कोशिश की जाती है लेकिन विधायक निधि रिलीज न किए जाने से लोगों के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं जिससे जनता में रोष का बढ़ना लाजिमी है।

आज सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पौंहज व बजरोल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बत्तौर मुख्यातिथि अपने संबोधन में राजेंद्र राणा ने कहा कि राज्य सरकार को तुरंत विधायक निधि जारी करनी चाहिए । विधायक निधि रुकने से सरकार की छवि भी प्रभावित हो रही है।

राजेंद्र राणा ने कहा कि विधायक निधि जारी न होने की वजह से कई जगह काम थम गए हैं जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा विधायक निधि से कोई भी विधायक अपने क्षेत्र की जरूरतों का भी ध्यान रखता है और जनता की उम्मीदों को पूरा करने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा कि राज्य की आर्थिक स्थिति का असर विधायक निधि पर नहीं पड़ना चाहिए। इससे विधायक भी जनता के बीच खुद को असहज महसूस करते हैं।

विधायक राजेंद्र राणा ने इस अवसर पर दोनों स्कूलों में आयोजित समारोहों में वार्षिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया। उन्होंने बच्चों द्वारा अलग-अलग मनमोहक प्रस्तुतियां देने पर उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की हैं। इससे पहले दोनों स्कूलों में पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन और इलाका वासियों द्वारा विधायक राजेंद्र राणा का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसी मौके पर विधायक राजेंद्र राणा ने विभागीय अधिकारियों के साथ जन समस्याएं भी सुनी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें