Agnihotri Pays Tribute, Honours Sanitation Workers : शिमला। गांधी जयंती के अवसर पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शिमला में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश तथा शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे को प्रेरणादायी बताया। इस दौरान उन्होंने शहर की स्वच्छता में योगदान देने वाले स्वच्छता प्रहरियों को सम्मानित किया और स्ट्रीट डॉग्स के रेबीज वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया।
उन्होंने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे को देश के लिए सदैव प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री के विचार आज भी देश को मार्ग दिखा रहे हैं। इसके बाद उप मुख्यमंत्री नगर निगम शिमला एवं मैत्री वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा रोटरी क्लब शिमला में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शिमला शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वच्छता प्रहरियों को सम्मानित किया।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि शिमला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाला पर्यटन शहर है और देश-दुनिया से पर्यटक यहां आते हैं। ऐसे में शहर की स्वच्छता, सुंदरता और सुरक्षित वातावरण बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिमला की स्वच्छता में स्वच्छता प्रहरियों की भूमिका महत्वपूर्ण है और उनका सम्मान उनके योगदान के प्रति आभार है। इस अवसर पर उन्होंने ह्यूमन पीपल ऑर्गेनाइजेशन द्वारा शिमला में स्ट्रीट डॉग्स के लिए चलाए जा रहे रेबीज वैक्सीनेशन ड्राइव का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि शिमला में स्ट्रीट डॉग्स की संख्या को नियंत्रित करने के साथ-साथ रेबीज से बचाव के लिए टीकाकरण और नसबंदी जैसे उपायों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना आवश्यक है।
पशु कल्याण और आम जनता की सुरक्षा के बीच संतुलन बनाते हुए इसका व्यावहारिक समाधान निकालना होगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला के विकास, सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी बड़ी योजना पर कार्य किया जा रहा है। प्रदेश सरकार शिमला नगर निगम के साथ मिलकर शहर के विकास और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर नगर निगम शिमला के महापौर सुरेन्द्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल, अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, नगर निगम आयुक्त सचिन कंवर तथा मैत्री फाउंडेशन की ममता गोयल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

