Site icon Dainik Savera Times

AICC महाचीव के.सी. वेणुगोपाल के हिमाचल दौरे का शेड्यूल बदला, 16 की जगह अब 8 अगस्त को आएंगे प्रदेश​

शिमलाः हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव ‘मिशन-2027’ की तैयारियों को लेकर सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी ने संगठन स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी को जमीनी स्तर पर चुस्त-दुरुस्त और मजबूत करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल 8 अगस्त को दो दिवसीय दौरे पर हिमाचल प्रदेश आ रहे हैं।

इससे पहले उनका प्रस्तावित दौरा 16 अगस्त को तय किया गया था, लेकिन संगठनात्मक प्राथमिकताओं को देखते हुए इसमें बदलाव कर इसे 8 अगस्त निर्धारित किया गया है। इससे पूर्व भी वेणुगोपाल संगठन सृजन अभियान के तहत कांगड़ा में आयोजित जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करने आ चुके हैं। उनके इस दौरे के लिए बैठकों का स्थान (वेन्यू) अभी आधिकारिक रूप से फाइनल नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि चंडीगढ़ के समीप परवाणू या कसौली में से किसी एक जगह पर ये उच्चस्तरीय बैठकें आयोजित की जा सकती हैं।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने के. सी. वेणुगोपाल के इस दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि संगठन महासचिव का यह प्रवास लगभग डेढ़ दिन (एक पूरा दिन और आधा दिन) का रहेगा। इस दौरान पार्टी के भीतर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठकों का दौर चलेगा, जिसके बाद वे वापस दिल्ली लौट जाएंगे। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्रियों और पार्टी विधायकों के साथ विस्तृत चर्चा होगी। इसके अलावा, राजनीतिक मामले समिति (Political Affairs Committee) तथा कांग्रेस के सभी फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन्स और विभागों के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ भी अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी।

​प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार के अनुसार, जब भी कांग्रेस हाईकमान का राज्य में आगमन होता है, तो संगठन के कामकाज, सरकार के प्रदर्शन और भावी रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की जाती है। इस दौरे के दौरान मुख्य रूप से संगठन की मजबूती, सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय तथा 2027 के आगामी हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों का रोडमैप तैयार करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

गौरतलब है कि यह बैठक पहले धर्मशाला में होनी प्रस्तावित थी फिर इसकी तिथियों में बदलाव करके 16 एवं 17 अगस्त को कसौली में आयोजित होना निर्धारित किया गया था अब तीसरी बार इस महत्वपूर्ण बैठक की तिथियों में बदलाव किया गया है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version