Site icon Dainik Savera Times

Shimla News : संकट मोचन मंदिर चोरी मामले में 100 फीसदी बरामदगी, सभी धार्मिक आभूषण मिले

All Stolen Religious Ornaments Recovered from Forest Near Bharari : शिमला। राजधानी शिमला के प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर में हुई चोरी के मामले में शिमला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर मंदिर से चोरी की गई संपत्ति की 100 फीसदी बरामदगी कर ली है।

चोरी किया गया पूरा सामान कमयाणा, भराड़ी के समीप जंगल से बरामद किया गया है। बरामद संपत्ति में मंदिर के धार्मिक आभूषणों से लेकर चांदी के मुकुट, छत्र और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं। जानकारी के अनुसार संकट मोचन मंदिर में चोरी के मामले में पुलिस थाना पश्चिम, शिमला में अभियोग संख्या 236/26 दिनांक 1 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(D) के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस ने हितेन्द्र कंवर उर्फ बंटी (31), निवासी बसंतपुर, तहसील सुन्नी, जिला शिमला को 23 नवंबर को धारा 120B BNS के तहत गिरफ्तार किया था।

इसके बाद पुलिस ने मामले की आगामी जांच के दौरान आरोपी से पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर 23 नवंबर को कमयाणा, भराड़ी के समीप जंगल में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान मंदिर से चोरी की गई पूरी संपत्ति बरामद कर ली गई। पुलिस के अनुसार बरामद सामान में हनुमान जी की गदाएं, चांदी के मुकुट, छत्र, पायल, कड़े, कुंडल, कटोरियां, चम्मच, हार, चांदी की जोत और चरण पादुकाओं सहित विभिन्न धार्मिक आभूषण एवं अन्य वस्तुएं शामिल हैं। बरामदगी के समय संकट मोचन मंदिर के ट्रस्टी भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बरामद सामान की पहचान मंदिर से चोरी हुई संपत्ति के रूप में की।

पुलिस ने सभी वस्तुओं को नियमानुसार कब्जे में ले लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने मंदिर चोरी मामले में चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली है। हालांकि, मामले में पुलिस का आगामी अन्वेषण जारी है और अन्य तथ्यों को लेकर जांच की जा रही है।

Exit mobile version