Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

अटल टनल में फंसे सभी वाहन व पर्यटक सुरक्षित निकाले

March 18, 2026

अटल टनल में फंसे सभी वाहन व पर्यटक सुरक्षित निकाले

केलांग : पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कुल्लू, लाहौल स्पीति सहित ऊंची चोटियों पर खूब बारिश और बर्फबारी हुई है। अटल टनल के साउथ पोर्टल की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी और लगातार बर्फबारी के कारण प्रशासन ने नेहरू कुंड से साउथ पोर्टल तक वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। ताजा बर्फबारी होने के कारण यहां पर पर्यटकों की सैकड़ों गाड़ियां और पर्यटक फंस गए थे जिसे रेस्क्यू कर सुरक्षित मनाली पहुंचाया गया।

भारी बर्फबारी के चलते अटल टनल के साउथ पोर्टल के समीप फंसे सभी 320 वाहनों को भी सुरक्षित रूप से निकालकर मनाली की ओर रवाना कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से साउथ पोर्टल की ओर वाहनों को आने की अनुमति दे दी गई है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, बीआरओ, पुलिस तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के समन्वय से यह राहत एवं बचाव कार्य सफलतापूर्वक एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न किया गया।

उपायुक्त ने लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्र के दौरान मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि सभी की सुरक्षा बनी रहे। जिला दंडाधिकारी कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 70 रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारी कमांडिंग ऑफिसर ने अपने कार्यालय पत्र के माध्यम से सूचित किया है कि अटल टनल के साउथ पोर्टल की ओर जाने वाली सड़क पर भारी बर्फबारी के कारण बर्फ का जमाव, आइसिंग और विजिविल्टी में कमी की स्थिति बनी हुई है।

ऐसे में मनाली, सोलंग और अटल टनल की ओर वाहनों की आवाजाही अत्यंत जोखिमपूर्ण हो गई है, जिससे आम जनता और पर्यटकों को खतरा हो सकता है। जिला दंडाधिकारी ने बताया कि बीआरओ द्वारा सड़क से बर्फ हटाने का कार्य जारी है।बर्फ हटाने के लिए भारी मशीनरी की आवश्यकता होती है और इसके सुचारु संचालन के लिए मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोकना जरूरी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें