Site icon Dainik Savera Times

मानहानि का आरोप, महिला कांस्टेबल ने की एफआईआर दर्ज

Alleging defamation, woman constable files FIR : शिमला। पुलिस विभाग की महिला कांस्टेबल एवं हार्मनी ऑफ पाइंस की गायिका दीपिका ठाकुर ने आरोप लगाया है कि एक हालिया प्रेस वार्ता के दौरान स्थानीय गायक गोपी जैक्स ने उनके विरुद्ध अभद्र और अपमानजनक टिप्पणियां कीं, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को गहरी ठेस पहुंची है।

दीपिका ठाकुर ने दर्ज कराई शिकायत

उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद वह मानसिक तनाव और गहरे सदमे से गुजर रही हैं। दीपिका ठाकुर ने कहा कि उनकी संबंधित व्यक्ति से न तो पहले कभी कोई मुलाकात हुई और न ही किसी प्रकार का व्यक्तिगत विवाद या बातचीत रही है। इसके बावजूद सार्वजनिक रूप से उनके बारे में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे उन्हें सामाजिक और मानसिक रूप से गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने महिला थाना, बीसीएस शिमला में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि शिकायत दिए जाने के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है और मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। दीपिका ठाकुर ने कहा कि वह स्वयं पुलिस विभाग का हिस्सा हैं, फिर भी यदि उनकी शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं होती है तो इससे आम नागरिकों का व्यवस्था पर विश्वास भी प्रभावित हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के कारण उनका आत्मविश्वास बुरी तरह प्रभावित हुआ है और वह लगातार मानसिक तनाव का सामना कर रही हैं।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि उनकी शिकायत पर तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए निष्पक्ष जांच शुरू की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि उनके विरुद्ध सार्वजनिक रूप से की गई कथित टिप्पणियां असत्य और अपमानजनक पाई जाती हैं, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए तथा सार्वजनिक रूप से उनसे माफी मांगी जाए। दीपिका ठाकुर ने विश्वास जताया कि जांच एजेंसियां निष्पक्षता से मामले की जांच कर सत्य सामने लाएंगी और उन्हें न्याय मिलेगा।
Exit mobile version