Site icon Dainik Savera Times

‘एक शाम पंछी जी के नाम’ 4 अक्टूबर को

‘An Evening for KR Panchhi’ on Oct 4 : कुल्लू। सूत्रधार कला संगम कुल्लू द्वारा वरिष्ठ पहाड़ी गीतकार, संगीतकार एवं साहित्यकार केआर पंछी के सम्मान में ‘एक शाम पंछी जी के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन 4 अक्टूबर को देवसदन कुल्लू के सभागार में किया जाएगा। शाम 6:30 बजे से होने वाले इस कार्यक्रम में वरिष्ठ कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी और केआर पंछी को उनके सांस्कृतिक योगदान के लिए विशेष सम्मान से नवाजा जाएगा।

बैठक में आगामी सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा संस्था की विभिन्न गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक निर्णय लिए गए । बैठक में विशेष रूप से वरिष्ठ साहित्यकार एवं संस्कृति से जुड़े व्यक्तित्व के०आर० पंछी जी के सम्मान में “एक शाम पंछी जी के नाम” कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई । बैठक में संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने जानकारी दी कि यह कार्यक्रम 04 अक्तूबर 2026, रविवार को देवसदन कुल्लू के सभागार में सायं 06:30 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक आयोजित किया जायेगा। इस कार्यक्रम में सूत्रधार कला संगम कुल्लू के संगीत अकादमी के प्राचार्य पं० विद्या सागर के साथ वरिष्ठ कलाकार निशांत गौतम, अमित मंहत, विजय तथा लाल सिंह, जीवन बुडाल, टविंकल, अर्पिता ठाकुर, संजय पुजारी व अनुष्का सहित संगीत सदन मण्डी के संगीत गुरु उमेश भारद्वाज के शिष्यों द्वारा विशेष प्रस्तुतियां रहेगी।

कार्यक्रम का मंच संचालन संस्था के प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम द्वारा किया जायेगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु उपसमिति का गठन किया गया जिसमें उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह को कार्यक्रम का प्रभारी नियुक्त किया गया तथा इनके साथ समिति में महसचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोंगेंद्र ठाकुर, भण्डार प्रभारी तिलक राज चौधरी व कार्यकारिणी सदस्य सुबोध सूद को शामिल किया गया । बैठक में निर्णय लिया गया कि यह कार्यक्रम सभी कला प्रेमियों के लिए निशुल्क रहेगा।

गौरतलब है कि के०आर० पंछी जी हिमाचल प्रदेश के एक अत्यंत प्रतिष्ठित और वरिष्ठ पहाड़ी गीतकार, संगीतकार और साहित्यकार हैं। इन्होंने हिमाचल की लोक संस्कृति, भाषा और संगीत को समृद्ध करने में अपना जीवन समर्पित किया है । अभी मार्च 2026 में यह अपने 90 वर्ष पूरे कर चुके है। केआर पंछी जी ने साहित्य, संगीत एवं संस्कृति के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके रचनात्मक योगदान को सम्मान देने तथा उनकी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से ही सूत्रधार कला संगम कुल्लू द्वारा यह विशेष संध्या आयोजित की जाएगी तथा कार्यक्रम में संस्था की ओर से केआर पंछी जी को उनके जीवन पर्यन्त प्रयासों के लिए विशेष सम्मान से भी नवाजा जायेगा।

इसके अलावा बैठक में आगामी कुल्लू दशहरा में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या में सूत्रधार कला संगम की सहभागिता को लेकर भी चर्चा की गई जिसमें कलाकारों द्वारा शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति का निर्णय लिया गया। बैठक उपरांत के०आर० पंछी जी के संगीत निर्देशन/रचनात्मक सहयोग से तैयार लोक गीत “रुमे गै झुरिये रुमे” का भी विमोचन किया गया । इस गीत में गायक जीवन बुडाल ठाकुर ने अपनी आवाज दी है तथा इसमें शालू शर्मा और कशिश ठाकुर की प्रस्तुतियां हैं। गीत का संगीत विजय, गीत एवं कम्पोजिशन के०आर० पंछी द्वारा किया गया है। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने गीत के विमोचन पर कलाकारों एवं पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

Exit mobile version