Site icon Dainik Savera Times

मनाली में NHAI से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों और यातायात व्यवस्था की समीक्षा हेतु महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन

कूल्लू: मनाली क्षेत्र में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से संबंधित विभिन्न लंबित मुद्दों, यातायात प्रबंधन और बुनियादी ढांचे के विकास की समीक्षा के लिए एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान एनएचएआई के सभी लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें मुख्य रूप से अवैध अतिक्रमण हटाने और मक डंपिंग (मलबा निस्तारण) से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त पर्यटन सीजन के दौरान मनाली में वाहनों की पार्किंग की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने और एनएचएआई के साथ मिलकर अतिरिक्त पार्किंग स्थलों के विकास की स्थिति की समीक्षा की गई।

बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्माण परियोजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अंतर्गत मनाली के द्वार और  भूतनाथ क्षेत्र में फुट-ओवरब्रिज के निर्माण तथा कन्याल रोड जंक्शन और मुख्य मनाली चौक पर प्रस्तावित फ्लाईओवर की प्रगति का जायजा लिया गया। साथ ही मनाली स्थित ग्रीन टैक्स बैरियर से जुड़े मुद्दों को सुलझाने और यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। पर्यावरण सुरक्षा और नदी संरक्षण के पहलुओं पर चर्चा करते हुए ब्यास नदी में चल रहे ड्रेजिंग (गाद निकालने) के कार्यों और सुरक्षा दीवार (रिटेनिंग वॉल) के निर्माण की स्थिति की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने ब्यास नदी में ड्रेजिंग कार्यों के लिए लंबित एफसीए मंजूरी की वर्तमान स्थिति पर भी मंथन किया, ताकि बाढ़ सुरक्षा और नदी तट संरक्षण से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। बैठक में अतिरिक जिला उपायुक्त सुरजीत सिंह राठौर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर,  एसडीएम   डाo जयबंती ठाकुर सहित भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, वन, खनन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

📍 Location: Kullu (Kullu)

Exit mobile version