ठियोग: बजट में घोषित आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स के मानदेय में 1,000 रुपये मासिक वृद्धि छह माह बाद भी लागू नहीं होने से कर्मियों में भारी रोष है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक की बढ़ी हुई राशि का एरियर जारी न होने पर आंगनबाड़ी कर्मियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। वहीं सीटू के राष्ट्रीय आह्वान पर 1 और 2 दिसंबर को दिल्ली में होने वाले महापड़ाव में ठियोग से भी बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स शामिल होंगी।
बुधवार को ठियोग में आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन संबंधित सीटू की प्रोजेक्ट स्तरीय बैठक अध्यक्ष आरती की अध्यक्षता में हुई। बैठक में करीब 150 वर्कर्स एवं हेल्पर्स ने भाग लिया। इस दौरान सीटू जिला कमेटी सचिव रमाकांत मिश्रा और विवेक कश्यप ने सरकार से बजट घोषणा को तत्काल लागू करने और एरियर सहित भुगतान करने की मांग उठाई।
सीटू नेताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मी बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, टीकाकरण और महिला एवं बाल विकास की योजनाओं को धरातल पर लागू करने में अहम भूमिका निभा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा, सम्मानजनक वेतन और सामाजिक सुरक्षा जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। यूनियन ने पेंशन, ग्रेच्युटी, बेहतर कार्य परिस्थितियों और आंगनबाड़ी केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई।
बैठक में 1-2 दिसंबर को दिल्ली में होने वाले महापड़ाव में हिमाचल से 1,000 कर्मियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। साथ ही प्रदेश सरकार से लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की गई। बैठक में यूनियन की नई 29 सदस्यीय कमेटी का गठन भी किया गया। इसमें रीना को अध्यक्ष, आरती को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, गीता चंदेल को महासचिव और उषा को कोषाध्यक्ष चुना गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि मांगें पूरी न होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज किया जाएगा।
📍 Location: शिमला (शिमला)

