Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

कॉलेज महासचिव से प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचे अनित जसवाल

October 30, 2026

कॉलेज महासचिव से प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचे अनित जसवाल
 

अनित जसवाल की नियुक्ति को संगठन में उनकी लंबे समय से जारी सक्रियता और छात्र राजनीति में उनके अनुभव के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कॉलेज स्तर से अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक यात्रा शुरू की और विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अब प्रदेश अध्यक्ष के पद तक पहुंचे हैं। प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के बाद अनित जसवाल ने प्रेस वार्ता कर कांग्रेस पार्टी और एनएसयूआई के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनीष ठाकुर और प्रवीण मिन्हास का धन्यवाद किया। अनित जसवाल ने एनएसयूआई के सभी कैंपस अध्यक्षों का भी आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने संगठन में नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि सभी पदाधिकारी मिलकर छात्र संगठन को नई मजबूती प्रदान करेंगे।

अनित जसवाल ने अपनी छात्र राजनीति की शुरुआत महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय सुंदरनगर से की थी। वर्ष 2021 से 2023 तक उन्होंने कॉलेज में कैंपस महासचिव की जिम्मेदारी निभाई। इसके बाद वर्ष 2023 से 2024 तक कैंपस अध्यक्ष रहे। संगठन में उनकी सक्रियता और कार्यक्षमता को देखते हुए उन्हें वर्ष 2024 से 2025 तक जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद वर्ष 2025 से 2026 तक उन्होंने जिला मंडी के जिलाध्यक्ष के रूप में कार्य किया। अब संगठनात्मक चुनावों में प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के बाद उन्हें पूरे हिमाचल प्रदेश में एनएसयूआई को मजबूत करने की जिम्मेदारी मिली है।

अनित जसवाल ने विशेष रूप से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच, मार्गदर्शन और आशीर्वाद के चलते आम परिवार से संबंध रखने वाला युवा आज संगठन के इस महत्वपूर्ण पद तक पहुंच पाया है। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी चुनौती भी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रदेश में एनएसयूआई को मजबूत करने और संगठन का विस्तार करने के लिए पूरी निष्ठा से काम किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें