Site icon Dainik Savera Times

मुन्नार में अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में कोयला क्षेत्र की समीक्षा, ऊर्जा सुरक्षा पर जोर

हमीरपुर : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में संसदीय स्थायी समिति, कोयला, खान एवं इस्पात ने मुन्नार में अपने अध्ययन दौरे की शुरुआत की। इस दौरान समिति ने देश के कोयला क्षेत्र की कार्यप्रणाली, उत्पादन क्षमता, परिचालन दक्षता और भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की। अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में समिति ने केंद्रीय कोयला मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, कोल इंडिया लिमिटेड तथा उसकी प्रमुख सहायक कंपनियों ईसीएल, एनसीएल और डब्ल्यूसीएल के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की।

बैठक में कोल इंडिया की कार्यप्रणाली, उत्पादन क्षमता और परिचालन दक्षता के साथ देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में उसकी भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। समिति ने भारत के कोयला क्षेत्र को अधिक मजबूत, आधुनिक और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। अनुराग ने ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कोयला क्षेत्र की क्षमता बढ़ाने और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। अध्ययन दौरे के दौरान कोयला गैसीकरण योजना भी चर्चा का प्रमुख विषय रही।

बैठक में कोयला मंत्रालय के अधिकारियों के साथ एमसीएल, एसईसीएल और सीसीएल के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समिति ने कोयला गैसीकरण से जुड़ी रणनीति, इसके प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्वच्छ और आधुनिक कोयला प्रौद्योगिकियों के उपयोग की संभावनाओं पर विचार किया। समिति ने माना कि बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को देखते हुए कोयला क्षेत्र का आधुनिकीकरण और स्वच्छ तकनीकों को बढ़ावा देना आवश्यक है। कोयला गैसीकरण जैसी नवीन पहल देश की दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Exit mobile version