Site icon Dainik Savera Times

महिला राष्ट्राध्यक्ष पर टिप्पणी मामले में भड़के अनुराग ठाकुर, बोले राहुल से मर्यादित भाषा की उम्मीद नहीं

हमीरपुर : भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय के गांधी चौक में मीडिया से बातचीत करते हुए प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद और असहमति स्वाभाविक हैं, लेकिन राहुल गांधी की भाषा अब उनके संस्कारों और राजनीतिक सोच पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस परिवार की महिलाएं देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर रही हैं, उसी परिवार से आने वाले नेता द्वारा किसी महिला राष्ट्राध्यक्ष के बारे में अशोभनीय टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

अनुराग ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद होना सामान्य बात है, लेकिन इसकी आड़ में संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों तथा महिलाओं के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में शालीनता, गरिमा और मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।

उनके अनुसार राजनीतिक आलोचना तथ्यों और मुद्दों पर आधारित होनी चाहिए, न कि व्यक्तिगत या अपमानजनक टिप्पणियों पर। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पहले भी देश की राष्ट्रपति के प्रति असम्मानजनक टिप्पणी कर चुके हैं और अब विदेशी राष्ट्र प्रमुखों के संबंध में भी अनुचित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं और राजनीतिक संस्कृति के अनुरूप नहीं हैं। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में सांसद ने एफसीआई से जुड़े विषय पर कहा कि आने वाले समय में इसके माध्यम से देशवासियों को लाभ मिलेगा।

Exit mobile version