Site icon Dainik Savera Times

अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर साधा तंज; संवैधानिक संस्थाओं पर उठाए सवाल

हमीरपुर: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर मीडिया से बातचीत में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी राय व्यक्त की। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा और कहा कि राहुल गांधी अक्सर ‘‘भूचाल आएगा, भूकंप आएगा, एटम बम आएगा या हाइड्रोजन बम आएगा’’ जैसी चेताविनयां देते हैं, लेकिन हर बार उनके दावे विफल साबित होते हैं। अनुराग ने यह भी सवाल उठाया कि संवैधानिक संस्थाओं पर बार-बार आलोचना क्यों की जाती है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के पिछले 60 वर्षों के शासन का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में भी अगर 15 सांसदों के वोट खारिज हुए, यानी क्रॉस वोटिंग हुई, तो यह गठबंधन के भीतर की कमजोरी को दर्शाता है।

वक्फ बोर्ड के सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर बोलते हुए अनुराग ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा धारा 370 समेत अन्य संशोधनों के माध्यम से जनहित में कदम उठाए गए थे और उसी तर्ज पर नए वक्फ कानून से मुस्लिम समुदाय की संपत्तियों का उचित उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले केवल चुनिंदा लोगों को ही वक्फ संपत्तियों का लाभ मिलता था, लेकिन नए कानून से सबका उत्थान संभव होगा। सांसद ने नए वक्फ कानून को दुनिया के बेहतरीन कानूनों में से एक करार दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग तीन के कार्यों में देरी और गुणवत्ता पर सवाल उठाए जाने पर उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आगामी तीन महीनों के अंदर राष्ट्रीय राजमार्ग के फेस तीन का कार्य पूर्ण किया जाए।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगातार हो रही बारिश की वजह से कार्यों में विलंब हुआ, लेकिन अब सड़क को आम यातायात के लिए जल्द तैयार किया जाएगा, ताकि आम जनता को असुविधा न हो। सांसद ने धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर से भी अपील की कि वे धरना समाप्त करें। उन्होंने कहा कि एनएचएआई अधिकारियों के साथ उनकी वार्ता हो चुकी है और जल्द ही कार्यों में गति लाई जाएगी। अनुराग ठाकुर के इस बयान में राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और स्थानीय मुद्दों का समन्वय दिखाई देता है, जिसमें राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप, सामाजिक सुधार और विकास कार्यों की प्रगति सभी शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- जालंधर थाने में ASI को रिश्वत लेते विजिलेंस ने किया गिरफ्तार, 8 हजार रुपए बरामद

Exit mobile version