Site icon Dainik Savera Times

कानूनगो व पटवारी पद पर पुन: नियुक्ति हेतु सेवानिवृत्त कर्मी 15 दिसम्बर तक करें आवेदन

नाहन (अमित शर्मा) : उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने बताया कि जिला सिरमौर में कानूनगो के 15 पद व पटवारियों के 03 रिक्त पदों पर पारिश्रमिक के आधार पर राजस्व विभाग से सेवानिवृत कर्मियों को पुन: नियुक्ति दी जाएगी। जिसके लिए आवेदन पत्र सभी प्रासंगिक, सहायक दस्तावेजों, प्रमाण पत्रों के साथ 15 दिसम्बर, 2024 तक उपायुक्त कार्यालय में जमा करवाने होंगे।

उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र जिला सिरमौर की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है। आवेदक ने सेवानिवृत्त होने से पहले हिमाचल प्रदेश के राजस्व विभाग के किसी भी विंग में कम से कम 5 वर्ष की सेवा की हो और उसके खिलाफ कोई विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाही लंबित न हो।

इस संबंध में सेवानिवृत्त व्यक्ति को अपने मूल विभाग से प्रमाण पत्र प्राप्त करना होगा और आवेदन पत्र के साथ जमा करना होगा। आवेदक को आवेदन पत्र के साथ सरकारी अस्पताल से प्राप्त मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने बताया कि नियोजित किये जाने वाले सेवानिवृत्त व्यक्ति की आयु 15 दिसम्बर, 2024 तक 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि यह सेवाएं पूर्णतया अस्थायी आधार पर होगी तथा इन्हें पुनर्नियुक्ति की अवधि के दौरान किसी भी समय समाप्त किया जा सकेगा।

Exit mobile version