Site icon Dainik Savera Times

पृथी मिलिट्री स्टेशन अवेरीपट्टी में 20 से 25 मार्च तक होगी सेना भर्ती रैली

शिमला: जिला के रामपुर उपमंडल के तहत पृथी मिलिट्री स्टेशन अवेरीपट्टी में 20 से 25 मार्च, 2027 तक सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। प्रस्तावित भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर आज उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने सेना के अधिकारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने सेना अधिकारियों को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।

उपायुक्त ने कहा कि भर्ती स्थल पर आने वाले अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उन्हें भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भर्ती स्थल पर बिजली और पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

युवाओं को गुमराह करने वालों पर रहेगी नजर

उपायुक्त ने कहा कि सेना भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाएगी। उन्होंने उपमंडल दंडाधिकारी रामपुर को उपमंडल स्तर पर संबंधित विभागों एवं सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भर्ती के दौरान कोई भी व्यक्ति युवाओं को गुमराह न कर सके, इसके लिए प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियां सतर्क रहेंगी। अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के प्रलोभन या भ्रामक जानकारी से सावधान रहने के लिए जागरूक किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाती है, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और पूरी भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न हो।

अभ्यर्थियों के ठहरने की होगी उचित व्यवस्था

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती के लिए अवेरीपट्टी आने वाले युवाओं के ठहरने के लिए उचित दरों पर पर्याप्त स्थान उपलब्ध करवाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को ठहरने, पेयजल, बिजली तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और भर्ती रैली से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि भर्ती प्रक्रिया सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version